T20 World Cup : सुपर आठ से पहले इटली पर बड़ी जीत दर्ज करने उतरेगा वेस्टइंडीज
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 03:47 PM (IST)
कोलकाता : दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज की टीम गुरुवार को यहां इटली के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के अपने अंतिम मैच में अपने टीम संयोजन को और बेहतर बनाने की कोशिश करेगी। वेस्टइंडीज ने एक दशक पहले इसी मैदान पर अपना दूसरा टी20 विश्व कप जीतने के बाद अच्छा प्रदर्शन नहीं किया लेकिन वर्तमान टूर्नामेंट में उसने शुरू से लय पकड़ ली थी और वह इसे जारी रखने में किसी तरह की कसर नहीं छोड़ेगा।
टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ वेस्टइंडीज का प्रदर्शन भी बेहतर होता जा रहा है। सुपर आठ में वेस्टइंडीज 23 फरवरी को मुंबई में जिम्बाब्वे और 26 फरवरी को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा। इसके बाद वह एक मार्च को सह-मेजबान और खिताब के प्रबल दावेदार भारत के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए यहां वापस लौटेगा। ईडन गार्डन्स में होने वाले उस मुकाबले को देखते हुए वेस्टइंडीज की टीम इस मैदान से अनुकूल होने की कोशिश करेगी।
वेस्टइंडीज के लिए यह अच्छी खबर है कि उसके कप्तान शाई होप ने सही समय पर लय हासिल कर ली है। इंग्लैंड के खिलाफ शून्य और स्कॉटलैंड के खिलाफ 19 रन के मामूली प्रदर्शन के बाद इस सलामी बल्लेबाज ने पिछले मैच में नेपाल के खिलाफ 44 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। शिमरोन हेटमायर ने मध्य क्रम को मजबूती दी है। उन्होंने इसी मैदान पर स्कॉटलैंड के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में 64 रन बनाए थे।
इसके बाद उन्होंने नेपाल के खिलाफ नाबाद 46 रन बनाए। शेरफेन रदरफोर्ड ने फिनिशर की भूमिका में शानदार प्रदर्शन किया है। गेंदबाजों में मैथ्यू फोर्डे का प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावशाली रहा है। उन्होंने दो मैचों में अच्छे इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की तथा रोस्टन चेज़ और गुडाकेश मोती के साथ मिलकर बीच के ओवरों में नियंत्रण प्रदान किया है। प्रतियोगिता से पहले ही बाहर हो चुकी इटली के लिए यह मुकाबला सम्मान के साथ विदाई लेने का एक अवसर है।
फुटबॉल में अपने कारनामों के लिए अधिक प्रसिद्ध होने के बावजूद, विश्व कप में पदार्पण करने वाली इस टीम का अभियान यादगार रहा है। उसकी उपलब्धि में नेपाल पर 10 विकेट की शानदार जीत भी शामिल है, जो इस स्तर पर उसकी पहली जीत थी। इटली ईडन गार्डन्स में अपना तीसरा मैच खेलेगा और यहां की परिस्थितियों से वाकिफ होने के कारण वह एक बड़ा उलटफेर करने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगा।
इटली की तरफ से अभी तक मोस्का बंधुओं ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। छोटे भाई जस्टिन ने नेपाल के खिलाफ नाबाद 60 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 43 रन बनाए। नेपाल के खिलाफ मैच में बड़े भाई एंथोनी ने नाबाद 62 रन बनाए। स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच के चौथे ओवर में बाएं कंधे में चोट लगने के कारण नियमित कप्तान वेन मैडसेन की अनुपस्थिति में भी इटली ने अच्छा खेल दिखाया है।
बेन मैनेंटी शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने तीन मैचों में दो अर्धशतक बनाए हैं, वहीं हैरी मैनेंटी ने टीम का नेतृत्व बखूबी किया है। मैडसेन की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है, लेकिन टीम सूत्रों के अनुसार इटली के विश्व कप के आखिरी मैच में उनकी उपलब्धता पर फैसला मैच की सुबह लिया जाएगा।
टीमें :
वेस्टइंडीज : शाई होप (कप्तान), जॉनसन चार्ल्स, रोस्टन चेज़, मैथ्यू फोर्डे, शिम्रोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसेन, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, गुडाकेश मोती, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, जेडन सील्स, रोमारियो शेफर्ड।
इटली : हैरी मैनेंटी (कप्तान), मार्कस कैंपोपियानो, जियान पिएरो मीडे, ज़ैन अली, अली हसन, क्रिस्चन जॉर्ज, एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, बेन मैनेंटी, जसप्रीत सिंह, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका और वेन मैडसेन। मैच शुरू होने का
समय : सुबह 11 बजे।

