T20 World Cup 2026: बाल-बाल बचा पाकिस्तान, नीदरलैंड के हाथों करारी हार का संकट टला
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 03:46 PM (IST)
कोलंबो : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को 3 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड की टीम मजबूत शुरुआत के बावजूद अंत में लड़खड़ा गई और 19.5 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई।
नीदरलैंड की अच्छी शुरुआत, बाद में बिखरी बल्लेबाजी
नीदरलैंड ने पारी की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की, लेकिन मध्य और अंतिम ओवरों में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। कप्तान स्कॉट एडवडर्स ने 37 रन बनाए, जबकि बास डि लीडे ने 30 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा ने 24 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं सईम अयूब, मोहम्मद नवाज और अबरार अहमद ने दो-दो विकेट लिए।
साहिबजादा फरहान और फहीम अशरफ ने दिलाई जीत
148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत ठीक रही। ओपनर साहिबजादा फरहान ने 31 गेंदों पर 47 रन की अहम पारी खेली। अंत में फहीम अशरफ ने 11 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर टीम को तीन गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
नीदरलैंड के गेंदबाजों ने किया संघर्ष
नीदरलैंड की ओर से पॉल वान मीकरन ने 20 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि आर्यन दत्त ने 33 रन देकर 2 सफलताएं हासिल कीं, लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत नहीं दिला सका।

