T20 World Cup : भले ही शतक नहीं बना, लेकिन फाइनल में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना गए संजू सैमसन

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 09:32 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में सैमसन भले ही शतक से चूक गए, लेकिन उनकी 89 रन की शानदार पारी ने उन्हें इतिहास के पन्नों में जगह दिला दी। इस प्रदर्शन के साथ सैमसन टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। 

टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा रन

संजू सैमसन 89 (भारत) बनाम न्यूजीलैंड 2026
मार्लन सैमुअल्स 85* (वेस्ट इंडीज) बनाम इंग्लैंड 2016
2 महेला जयवर्धने 78 (श्रीलंका) बनाम वेस्ट इंडीज 2012
3 कुमार संगकारा 52* (श्रीलंका) बनाम भारत 2014
4 बेन स्टोक्स 52* (इंग्लैंड) बनाम पाकिस्तान 2022
5 गौतम गंभीर 75 (भारत) बनाम पाकिस्तान 2007 

लगातार तीसरा अर्धशतक 

फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन ने एक बार फिर बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में सैमसन ने 5 चौके और 8 छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। खास बात यह रही कि उन्होंने इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। हालांकि वह तीनों बार शतक पूरा करने से चूक गए, लेकिन उनकी पारियां टीम के लिए बेहद अहम साबित हुईं। 

शतक से चूकने का अफसोस

संजू सैमसन जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लग रहा था कि वह फाइनल में शतक भी पूरा कर सकते हैं। लेकिन 15वें ओवर में उनकी शानदार पारी समाप्त हो गई। जेम्स नीशम की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बाउंड्री लाइन के पास खड़े कोल मैककोन्ची के हाथों में चली गई और उन्हें कैच आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा।हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने भारत को मजबूत स्कोर की दिशा में आगे बढ़ा दिया।

फाइनल में भी दिखा सैमसन का शानदार फॉर्म 

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन का प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए बेहद अहम रहा है। उन्होंने लगातार रन बनाकर टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी। फाइनल में भी उन्होंने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की और शुरुआती ओवरों में टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News