T20 World Cup 2026 : विंडीज को धूल चटाकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, 5 विकेट से दी मात
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 10:54 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले ने फैंस की धड़कनें आखिरी ओवर तक तेज रखीं। 196 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ ही टूर्नामेंट की चारों सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो गईं। खास बात यह रही कि यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया, साथ ही इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल का भी सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया गया।
विंडीज की दमदार फिनिशिंग
वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान Shai Hope और रोस्टन चेज ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़े। होप ने 33 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि चेज ने 25 गेंदों पर 40 रन की उपयोगी पारी खेली। शिमरॉन हेटमायर ने भी 12 गेंदों में 27 रन जोड़े।
अंतिम ओवरों में Rovman Powell और Jason Holder ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रंग बदल दिया। पॉवेल ने 19 गेंदों में 34 रन बनाए, जबकि होल्डर ने 22 गेंदों पर 37 रन ठोके। दोनों के बीच 35 गेंदों पर नाबाद 76 रन की साझेदारी ने टीम को 195/4 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लड़खड़ाई शुरुआत, फिर सैमसन का जलवा
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जल्दी आउट हो गए। दबाव की स्थिति में Sanju Samson ने मोर्चा संभाला। कप्तान Suryakumar Yadav के साथ उन्होंने 35 गेंदों में 58 रन की अहम साझेदारी की। सूर्यकुमार 18 रन बनाकर लौटे, लेकिन सैमसन डटे रहे। तिलक वर्मा ने 27 रन की तेज पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या ने 17 रन जोड़े। आखिर में शिवम दुबे और सैमसन ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
सैमसन 50 गेंदों में 97 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनकी यह पारी न सिर्फ मैच जिताने वाली साबित हुई, बल्कि टीम इंडिया के लिए ऐतिहासिक भी बन गई। आखिरी ओवर में हासिल की गई इस जीत ने भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूती से आगे बढ़ा दिया है।
प्लेइंग XI
भारत : संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
वेस्टइंडीज : शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेस, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ।

