T20 World Cup : पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रन से हराया, लेकिन सेमीफाइनल का सपना टूटा

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 10:54 PM (IST)

पल्लेकेले : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में पल्लेकेले स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रन से हराकर जीत तो दर्ज कर ली, लेकिन इसके बावजूद उसका टूर्नामेंट में सफर यहीं थम गया। बेहतर नेट रन रेट की शर्त पूरी न कर पाने के कारण पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका।

श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला महंगा साबित हुआ। पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 176 रन जोड़ दिए। फखर ने 84 रन बनाए, जबकि फरहान ने शानदार शतक जड़ते हुए 100 रनों की पारी खेली। इन पारियों की बदौलत पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 212 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

जवाब में श्रीलंका ने भी जबरदस्त लड़ाई लड़ी। कप्तान शनाका ने नाबाद 76 रन ठोके और पवन रत्नायके ने 58 रनों का योगदान दिया। दोनों ने टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन आखिरी ओवरों में रनगति थम गई और श्रीलंका 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन ही बना सकी।

पाकिस्तान की ओर से अबरार अहमद ने तीन अहम विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ा। वहीं श्रीलंका के लिए दिलशान मदुशंका सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके।

हालांकि जीत के बावजूद पाकिस्तान के लिए यह खुशी अधूरी रही। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे श्रीलंका को 147 या उससे कम स्कोर पर रोकना जरूरी था, जो संभव नहीं हो पाया। इसी के साथ पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान समाप्त हो गया।

प्लेइंग 11 

पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, फखर ज़मान, सलमान आगा (कप्तान), ख्वाजा नफाय, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, शाहीन अफरीदी, नसिम शाह, अब्रार अहमद, उस्मान तारिक

श्रीलंका: पथुम निसांका, कामिल मिशारा (विकेटकीपर), चारिथ असलांका, पवन रत्नायक, कमिंदु मेंडिस, डासुन शनाका (कप्तान), जनिथ लियानगे, डुनिथ वेल्लालगे, महीश थीक्षना, दुश्मंथा चमेरा, दिलशान मदुशंका।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News