नाहिद राणा के पांच विकेट, बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 08:45 PM (IST)
मीरपुर : तेज गेंदबाज नाहिद राणा (32 रन पर पांच विकेट) के शानदार प्रदर्शन के दम पर बांग्लादेश ने तीन मैचों की श्रृंखला के दूसरे वनडे में सोमवार को यहां न्यूजीलैंड को 6 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली। श्रृंखला का निर्णायक मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। नाहिद ने दूसरी बार पांच विकेट चटकाए, जिससे न्यूजीलैंड की टीम 48.4 ओवर में 198 रन पर सिमट गई।
जवाब में बांग्लादेश ने सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन की 58 गेंदों पर 76 रन की तेज पारी की बदौलत 87 गेंद शेष रहते चार विकेट पर 199 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के लिए नजमुल हुसैन शान्तो ने रिटायर हर्ट होने से पहले धैर्यपूर्ण 50 रन बनाए। न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम नाहिद की तेज रफ्तार गेंदबाजी का सामना करने में जूझती नजर आई।
सलामी बल्लेबाज निक केली ने 102 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 83 रन बनाए। हालांकि, उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला और कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका। नाहिद ने 144.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हेनरी निकोल्स को आउट कर शुरुआती झटका दिया। इसके बाद अगले ही ओवर में उन्होंने विल यंग को भी पवेलियन भेज दिया।
टीम में वापसी कर रहे सौम्य सरकार की गेंद पर टॉम लैथम विकेटकीपर लिटन दास को कैच दे बैठे। एक छोर से केली के संघर्ष के बावजूद नाहिद ने अपनी गति और आक्रामकता से मध्यक्रम को लगातार झकझोरते रहे। केली शरीफुल इस्लाम की शॉर्ट पिच गेंद पर आउट हुए। शरीफुल ने इसके बाद ब्लेयर टिकनर को भी पवेलियन भेजा। नाहिद ने जेडन लेनॉक्स को बिना खाता खोले बोल्ड कर अपने पांच विकेट पूरे किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने चार ओवर के भीतर 21 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन तंजीद और शान्तो ने तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बाएं हाथ के स्पिनर लेनॉक्स ने तंजीद को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने 100वें वनडे मैच खेल रहे लिटन दास को भी सात रन पर चलता किया। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण शान्तो अपने 12वें अर्धशतक के तुरंत बाद रिटायर हर्ट हो गए, लेकिन तब तक मैच का परिणाम लगभग तय हो चुका था।

