IND vs ZIM: जिम्बाब्वे पर सीरीज जीतते ही टीम इंडिया फिर बनी नंबर-1 टी20 टीम, इंग्लैंड को छोड़ा पीछे
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 03:28 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के साथ ही टीम इंडिया ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में फिर से नंबर-1 का ताज अपने नाम कर लिया है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर वापसी की है।
भारत फिर बना दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम
आईसीसी की ताजा पुरुष टी20 टीम रैंकिंग में भारत एक बार फिर शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। इंग्लैंड ने हाल ही में घरेलू टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप कर नंबर-1 रैंकिंग हासिल की थी, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार दो जीत के बाद भारत ने दोबारा पहला स्थान हासिल कर लिया। भारत मौजूदा आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप चैंपियन भी है।
इशान, तिलक और श्रेयस ने संभाली पारी
दूसरे टी20 मुकाबले में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद इशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़कर पारी संभाली। श्रेयस के आउट होने के बाद इशान किशन और तिलक वर्मा ने तेजी से रन बटोरते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इशान ने 44 गेंदों में 81 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने सिर्फ 29 गेंदों में नाबाद 60 रन की विस्फोटक पारी खेली।
इशान किशन ने बताया सफलता का मंत्र
मैच के बाद इशान किशन ने कहा कि शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद उनका लक्ष्य घबराने के बजाय हालात को समझकर अपनी स्वाभाविक बल्लेबाजी करना था। उन्होंने कहा, 'दो विकेट जल्दी गिर गए थे, लेकिन नंबर-3 बल्लेबाज के तौर पर मेरा काम गेंद को देखकर अपना नैचुरल गेम खेलना था। हमें यह भी समझना था कि विकेट कैसा है और टीम के लिए कितना स्कोर सही रहेगा।'
इशान ने आगे कहा, 'मैं और श्रेयस अय्यर सिर्फ साझेदारी बनाना चाहते थे और पारी को अंत तक ले जाने की कोशिश कर रहे थे। खुशी है कि हम अपनी योजना को अच्छी तरह लागू कर पाए।'
220 रन का लक्ष्य भी नहीं बचा पाया जिम्बाब्वे
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219/5 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में 220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने शुरुआती नौ ओवर में ही पांच विकेट गंवा दिए और पूरी टीम 129 रन पर सिमट गई। भारत ने मुकाबला 90 रन से जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
अब तीसरे टी20 पर नजर
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीसरा और अंतिम टी20 मुकाबला 26 जुलाई को हरारे में खेला जाएगा। भारतीय टीम की नजर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर होगी।

