IND vs ENG: ''टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है'', इंग्लैंड दौरे पर हार के बाद युवराज सिंह का बड़ा संदेश
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 02:44 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह ने इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बड़ा बयान दिया है। युवराज का मानना है कि भारतीय टीम इस समय बदलाव (ट्रांजिशन) के दौर से गुजर रही है, इसलिए उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अब टीम को आत्ममंथन कर मजबूत वापसी करनी होगी।
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 27 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ तीन मैचों की सीरीज 2-1 से गंवानी पड़ी। इससे पहले टी20 सीरीज में भी टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
'हार के बाद फैसलों पर सवाल उठने लगते हैं'
जियोस्टार से बातचीत में युवराज सिंह ने टीम चयन और रणनीति को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जब टीम लगातार हारती है तो हर फैसले पर सवाल उठना शुरू हो जाते हैं। 'जब चीजें आपके पक्ष में नहीं होतीं तो आप तेज गेंदबाज खिलाने और स्पिनर खिलाने के बीच उलझ जाते हैं। कुलदीप यादव जैसे स्पिनर को खिलाना अच्छा होता, लेकिन आखिर में फैसला टीम मैनेजमेंट का होता है।' तीसरे वनडे में भारत ने बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में जगह नहीं दी थी, जिसके बाद टीम चयन पर काफी सवाल उठे।
'कोई भी खेल से बड़ा नहीं होता'
युवराज ने कहा कि खराब प्रदर्शन के बाद आलोचना होना स्वाभाविक है और खिलाड़ियों को इसे स्वीकार करना चाहिए। 'आपने चैंपियंस ट्रॉफी जीती, लगातार दो टी20 विश्व कप जीते और अब लगातार छह टी20 मैच हार गए। क्रिकेट हर किसी को जमीन पर लाने का काम करता है। कोई भी खिलाड़ी या टीम खेल से बड़ी नहीं होती। हमें इसे समझना होगा और आलोचना को स्वीकार करना होगा।'
'पिछली सफलताओं को नहीं भूलना चाहिए'
2011 विश्व कप विजेता युवराज सिंह ने कहा कि मौजूदा कठिन दौर के बावजूद लोगों को पिछले कुछ वर्षों में टीम इंडिया की उपलब्धियों को नहीं भूलना चाहिए। 'लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि इस भारतीय टीम ने पिछले कुछ वर्षों में तीन बड़े आईसीसी खिताब जीते हैं। टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है, नए खिलाड़ी आ रहे हैं और ऐसे दौर आते रहते हैं। अब समय है दोबारा सोचने का और मजबूती से वापसी करने का।'
ट्रांजिशन में है टीम इंडिया
युवराज के मुताबिक टीम में लगातार नए खिलाड़ियों को मौका दिया जा रहा है और ऐसे समय में कुछ असफलताएं स्वाभाविक होती हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय टीम इस मुश्किल दौर से सीख लेकर जल्द ही दमदार वापसी करेगी।

