तेपे सिगमन इंटरनेशनल शतरंज : कार्लसन से भिड़ंत के साथ अर्जुन की चुनौतीपूर्ण शुरुआत
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 06:05 PM (IST)
माल्मो , स्वीडन (निकलेश जैन) । प्रतिष्ठित 31वें तेपे सिगमन इंटरनेशनल शतरंज में इस बार दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा और भारत की नजरें खास तौर पर युवा ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी पर टिकी होंगी। 8 खिलाड़ियों के इस राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट में अर्जुन के अभियान की शुरुआत बेहद कठिन रहने वाली है, क्योंकि पहले ही दौर में उनका सामना विश्व के पूर्व नंबर एक मैगनस कार्लसन से होगा, जो 2840 रेटिंग के साथ टूर्नामेंट के सबसे मजबूत खिलाड़ी हैं और शुरुआती दौर में ही अर्जुन के लिए बड़ी परीक्षा बनेंगे।
अर्जुन का पूरा टूर्नामेंट कार्यक्रम भी काफी चुनौतीपूर्ण नजर आता है, जहां उन्हें हर राउंड में मजबूत प्रतिद्वंद्वियों से भिड़ना है। पहले दौर में कार्लसन के बाद दूसरे राउंड में उनका मुकाबला तुर्की के यागिज़ कान एरदोगमुस से होगा, जबकि तीसरे राउंड में वे मेजबान देश के निल्स ग्रांडेलियस का सामना करेंगे। चौथे राउंड में अर्जुन की टक्कर उज़्बेकिस्तान के तेजतर्रार खिलाड़ी नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से होगी, इसके बाद पांचवें राउंड में उनका मुकाबला नीदरलैंड्स के जोर्डन वैन फॉरेस्ट से तय है। छठे राउंड में अर्जुन चीन की जिनेर झू से खेलेंगे और अंतिम सातवें राउंड में उनका सामना अमेरिका के एंडी वुडवर्ड से होगा।
2751 रेटिंग के साथ खेल रहे अर्जुन एरिगैसी के लिए साल की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उन्हें टाटा स्टील मास्टर्स में बाफ़ी रेटिंग अंक गवानें पड़े थे , इस साल शतरंज ओलंपियाड होने वाला है ऐसे में इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन भारतीय शतरंज के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, खासकर तब जब शुरुआत ही कार्लसन जैसे दिग्गज के खिलाफ हो रही है।

