टाइटल्ड ट्यूज़डे : अर्जुन एरिगैसी ने जीता पहला खिताब, हिकारू नाकामुरा को छोड़ा पीछे
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 11:15 AM (IST)
नई दिल्ली (निकलेश जैन)। भारत के शीर्ष ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने ऑनलाइन शतरंज के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट चेस.कॉम टाइटल्ड ट्यूज़डे के 7 जुलाई संस्करण का खिताब शानदार अंदाज में अपने नाम कर लिया। अर्जुन ने 11 राउंड में 9.5 अंक बनाकर प्रतियोगिता में एकल पहला स्थान हासिल किया और वर्ष 2026 में अपना पहला टाइटल्ड ट्यूज़डे खिताब जीतने में सफलता पाई।
अर्जुन ने टूर्नामेंट की शुरुआत लगातार पांच जीत के साथ की और छठे राउंड में रूस के ग्रैंडमास्टर आंद्रे एसिपेंको के खिलाफ मुश्किल स्थिति से वापसी करते हुए जीत दर्ज की। सातवें राउंड में उन्होंने मातवे गालचेंको को हराकर लगातार सातवीं जीत हासिल की और अकेले शीर्ष पर पहुंच गए।
आठवें राउंड में भारत के ही ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम ने अर्जुन की लगातार जीत का सिलसिला रोकते हुए उन्हें टूर्नामेंट की एकमात्र हार दी। इसके बाद भी अर्जुन ने शानदार वापसी की और नौवें राउंड में अमेरिका के पूर्व विश्व चैंपियन चैलेंजर फेबियानो कारुआना को पराजित किया। दसवें राउंड में उन्होंने अनुभवी रूसी ग्रैंडमास्टर दिमित्री आंद्रेइकिन को हराकर फिर से एकल बढ़त हासिल कर ली।
अंतिम राउंड में अर्जुन का सामना विश्व के शीर्ष ब्लिट्ज खिलाड़ियों में शामिल हिकारू नाकामुरा से हुआ। यह मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन दूसरी बाजी में अलेक्जेंडर ग्रीसचुक की हार के बाद अर्जुन ने 9.5 अंकों के साथ स्पष्ट बढ़त बनाए रखी और खिताब अपने नाम कर लिया।
नाकामुरा, दिमित्री आंद्रेइकिन, हांस नीमन, प्रणेश एम, अलेक्सी साराना, डेनिस लाजाविक और फेबियानो कारुआना सहित सात खिलाड़ी 9-9 अंकों पर संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे। टाईब्रेक के आधार पर नाकामुरा दूसरे और आंद्रेइकिन तीसरे स्थान पर रहे।
इस जीत के साथ अर्जुन एरिगैसी ने एक बार फिर साबित किया कि तेज समय नियंत्रण वाले मुकाबलों में वह दुनिया के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में शामिल हैं। दो माह के बाद शुरू हो रहे शतरंज ओलंपियाड के मद्देनजर हाल के महीनों में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन भारतीय शतरंज के लिए उत्साहजनक संकेत हैं।

