T20 World Cup : अफगानिस्तान के खिलाफ रोमांचक मैच के बाद मारक्रम, खिलाड़ियों से कही थी ये बात

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 06:16 PM (IST)

अहमदाबाद : दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मारक्रम ने टीम के साथी खिलाड़ियों से कहा था कि उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ 'चुनौती' के लिए तैयार रहना होगा और बुधवार को यहां खेला गया यह मैच टी20 विश्व कप के इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक साबित हुआ। ग्रुप डी के इस रोमाचंक मैच में दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट पर 187 रन बनाए और दो सुपर ओवर के बाद अफगानिस्तान को मामूली अंतर से हराया। 

अफगानिस्तान ने 187 रन बनाकर स्कोर बराबर किया जिसके बाद पहले सुपर के बराबर रहने के बाद दूसरा सुपर ओवर खेला गया तो वह जीत के लिए जरूरी 24 रन नहीं बना सका। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में मारक्रम ने कहा, ''इसे शब्दों में बयां करना काफी मुश्किल है। कड़ा मुकाबला था। टीमें आपको जबरदस्त दबाव में लाती हैं। और जब आप खुद पर दबाव डालने लगते हैं तो हालात मुश्किल हो जाते हैं। जीत और अंक मिलने के लिए शुक्रगुजार हूं।' 

तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीता, लेकिन वह पहले सुपर ओवर में 17 रन दे बैठे थे। लेकिन दूसरी बार स्पिनर केशव महाराज ने दक्षिण अफ्रीका के लिए कमाल की गेंदबाजी की और दो विकेट लेकर मुकाबला अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। मारक्रम ने कहा, 'आखिरकार सुपर ओवर में आप अपने बेहतर, सबसे आत्मविश्वास से भरे खिलाड़ी को चुनते हैं। पहले ओवर में लुंगी से ज्यादा गलती नहीं हुई, लेकिन फिर उन्होंने अच्छा स्कोर बना लिया। केशव के साथ भी यही कहानी रही। स्पिनर के लिए यह मुश्किल होता है, फिर भी हमने उन पर भरोसा किया।' 

उन्होंने कहा, ''मैंने लड़कों से कहा था कि लक्ष्य ठीक है, लेकिन हमें चुनौती का सामना करना होगा। मैं इससे पूरी तरह सहज नहीं था और मुझे लगा कि हमने कुछ मौके गंवा दिए।' मारक्रम के अनुसार कुछ विभागों में सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'कुछ चीजें हैं जिनमें हम सुधार कर सकते हैं। छोटे-छोटे चरण में जो इस प्रारूप में बहुत मायने रखते हैं। इस तरह के मैच से आप यही सकारात्मक चीज सीख सकते हैं कि आपको इस तरह के मैच जीतने चाहिए।' उन्होंने कहा, 'इस प्रारूप में अच्छी शुरुआत करना जरूरी है और उन्होंने यही किया। उनमें से दो ने सच में अच्छी बल्लेबाजी की।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News