''मुझे नहीं लगता कि लोगों को इसके बारे में पता है'', 29 गेंदों पर 94 रन बनाने के बाद सूर्यवंशी का बयान वायरल
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 12:26 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : रविवार को वनडे ट्राई-सीरीज फाइनल में श्रीलंका ए को हराने के लिए 29 बॉल में 94 रन बनाने वाले युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ब्रॉडकास्टर के माइक पर उन लोगों को एक मजेदार और वायरल मैसेज दिया जिन्होंने शायद उन्हें गलत समझा था। जब प्रेजेंटर ने पूछा कि इतने बड़े लेवल पर टी20 खेलने के बाद वह 50-ओवर फॉर्मेट के हिसाब से खुद को कैसे ढाल रहे हैं, तो सूर्यवंशी को यह बात कुछ खास पसंद नहीं आई। उन्होंने कहा, 'इस सीरीज में बहुत कुछ सीखा, लेकिन मैंने बहुत सारा 50 ओवर क्रिकेट खेला है। मुझे नहीं लगता कि लोगों को इसके बारे में पता है।'
दो IPL सीजन में 34 धमाकेदार टी20 मैचों की वजह से भले ही लोग सूर्यवंशी को टी20 क्रिकेटर मान रहे हो लेकिन उन्होंने 38 सीनियर और यूथ वन-डे मैच खेले हैं जिनमें 25 यूथ वनडे शामिल हैं। इन मैचों में सूर्यवंशी ने 1412 रन और चार शतक के साथ भारतीय इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अंडर-19 खिलाड़ी हैं। पारंपरिक व्हाइट-बॉल क्रिकेट का यह अनुभव दांबुला में बहुत काम आया, खासकर इसलिए क्योंकि सूर्यवंशी फाइनल में अपनी तकनीक को लेकर हो रही कुछ आलोचनाओं के बीच पहुंचे थे। लीग स्टेज में खराब फॉर्म की वजह से मुश्किल और धीमी पिचों पर उनके खेलने के तरीके को लेकर सवाल उठने लगे थे।
सूर्यवंशी ने फाइनल से पहले अपनी सोच के बारे में कहा था, 'मैंने कुछ भी खास नहीं सोचा। मैं बस वही करना चाहता था जो मैंने पहले दस ओवरों के लिए प्लान किया था और वहीं से आगे बढ़ना चाहता था। कोई दबाव नहीं था। (सीरीज की शुरुआत में) मैं वैसा नहीं कर पा रहा था जैसा मैं चाहता था। लेकिन कोचों से बात करने के बाद मैंने इसे सही कर लिया। अलग-अलग हालात के हिसाब से खुद को ढालना एक चुनौती थी और इस चुनौती को स्वीकार करना अच्छा लगा।'
सूर्यवंशी ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाया जो कि लिस्ट-ए क्रिकेट का एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है और फिर 324.14 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए शतक से बस 6 रन दूर रह गए। उनकी यह पारी पिछले साल अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली गई उनकी शानदार 175 रनों की पारी की याद दिलाती है जिससे यह साबित होता है कि वे बड़े मैचों के असली खिलाड़ी हैं।

