SL A vs IND A: पहले मैच में नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, मात्र इतने रन पर सिमट गई पारी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 10:57 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: दांबुला में खेली जा रही त्रिकोणीय ए सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ए को शुरुआती झटके लगे। कप्तान तिलक वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्‍यवंशी और प्रभसिमरन सिंह जल्द पवेलियन लौट गए। IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद चर्चा में आए 15 वर्षीय वैभव इस मैच में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।

वैभव नहीं खेल सके लंबी पारी

भारत ए की पारी की शुरुआत करते हुए वैभव सूर्‍यवंशी ने अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने मोहम्मद शिराज और चमिका करुणारत्ने के खिलाफ आकर्षक शॉट खेलते हुए तीन चौके लगाए। युवा बल्लेबाज ने 12 गेंदों में 14 रन बनाए, लेकिन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में श्रीलंका ए के कप्तान साहन अरच्चिगे के हाथों कैच आउट हो गए।

प्रभसिमरन भी नहीं टिक सके

वैभव के आउट होने के कुछ ही देर बाद विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। उन्होंने 11 गेंदों पर सिर्फ 2 रन बनाए और चमिका करुणारत्ने का शिकार बने। शुरुआती दो विकेट गिरने के बाद भारत ए का स्कोर 5.5 ओवर में 24 रन पर 2 विकेट हो गया।

रुतुराज और प्रियंश पर जिम्मेदारी

दो विकेट जल्दी गिरने के बाद अब जिम्मेदारी रुतुराज गायकवाड़ और प्रियंश आर्य के कंधों पर आ गई। दोनों बल्लेबाज पारी को संभालने की कोशिश कर रहे हैं ताकि भारत ए मजबूत स्कोर की ओर बढ़ सके। कप्तान तिलक वर्मा सहित मध्यक्रम के बल्लेबाजों से भी टीम को बड़ी उम्मीदें हैं।

IPL के बाद फिर चर्चा में वैभव

वैभव सूर्‍यवंशी ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए थे। उन्होंने ऑरेंज कैप भी जीती थी और इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारत की टी20 टीम तथा एशियाई खेलों की टीम में जगह मिली। हालांकि श्रीलंका ए के खिलाफ पहले मुकाबले में वह अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके।

स्कोरकार्ड (5.5 ओवर)

भारत ए – 24/2

वैभव सूर्‍यवंशी – 14 (12) [3 चौके]
प्रभसिमरन सिंह – 2 (11)
प्रियंश आर्य – 6* (6)
रुतुराज गायकवाड़ – 2* (6).


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News