80 गेंदों में 175 रन... वैभव सूर्यवंशी ने उम्र से ज्यादा बना दिए रिकॉर्ड्स, चेक करें पूरी डिटेल
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 08:50 PM (IST)
नेशनल डेस्क : अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी पारी खेली, जिसने क्रिकेट जगत को चौंका दिया। शुरुआत भले ही उनके स्वाभाविक आक्रामक अंदाज से अलग रही हो, लेकिन जैसे ही उन्होंने रफ्तार पकड़ी, इंग्लैंड के फील्डर गेंद के पीछे सिर्फ दौड़ते ही नजर आए। इस ऐतिहासिक मुकाबले में वैभव ने न सिर्फ रन बनाए, बल्कि एक के बाद एक कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।
वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में 175 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके साथ ही वह अंडर-19 वर्ल्ड कप के प्लेऑफ मुकाबलों में 150 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन के नाम था, जिन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वार्टर-फाइनल में 143 रन बनाए थे। वहीं, फाइनल में सबसे बड़े स्कोर का पिछला रिकॉर्ड उन्मुक्त चंद के नाम था, जिन्होंने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 111 रन जड़े थे।

वैभव का 175 रन का स्कोर भारत की ओर से यूथ वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया है। इस सूची में पहले नंबर पर अंबाती रायडू हैं, जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड U19 के खिलाफ नाबाद 177 रन बनाए थे। दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर भी वैभव ही हैं, जिन्होंने दिसंबर में UAE U19 के खिलाफ 171 रन ठोके थे।

इतना ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी अब अंडर-19 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम था, जिन्होंने 2010 में 15 साल 92 दिन की उम्र में शतक लगाया था। वैभव ने यह कारनामा महज 14 साल 316 दिन की उम्र में कर दिखाया।

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के विल मलाजचुक ने जापान के खिलाफ 51 गेंदों में शतक जड़ा था। हालांकि, वैभव भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
वैभव यहीं नहीं रुके। उन्होंने सिर्फ 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए, जिससे वह अंडर-19 वर्ल्ड कप में इस मुकाम तक सबसे तेज पहुंचने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इसी टूर्नामेंट में इंग्लैंड के बेन मेयस का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 98 गेंदों में 150 रन पूरे किए थे।

