विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी पर तोड़ी चुप्पी, अफवाहों पर लगाया विराम
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 10:00 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में वापसी की सभी चर्चाओं पर पूर्ण विराम लगा दिया है। नई दिल्ली में अपने One8 फुटवियर लॉन्च के दौरान उनसे टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर कोहली ने साफ शब्दों में कहा कि वह अब इस फॉर्मेट से आगे बढ़ चुके हैं और दोबारा टेस्ट क्रिकेट खेलने के बारे में नहीं सोच रहे हैं।
इन वजहों से तेज हुई थीं वापसी की अटकलें
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर विराट कोहली की टेस्ट क्रिकेट में वापसी की चर्चा लगातार हो रही थी। इसकी शुरुआत तब हुई जब उन्होंने अपने बचपन के कोच राजकुमार शर्मा को लाल गेंद थीम वाले जूते उपहार में दिए। इसके बाद राजकुमार शर्मा के बयान और रवि शास्त्री के साथ पॉडकास्ट में कोहली के टेस्ट स्वेटर जैसी ड्रेस पहनने से फैंस को वापसी की उम्मीद बंध गई थी।
123 टेस्ट में बनाया यादगार रिकॉर्ड
विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर अपने शानदार करियर का अंत किया था। उन्होंने 123 टेस्ट मैचों में 9230 रन बनाए, जिसमें 30 शतक और 7 दोहरे शतक शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनकी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उन्हें इस फॉर्मेट के महान खिलाड़ियों में शामिल किया।
अब सिर्फ वनडे क्रिकेट पर रहेगा फोकस
टी20 विश्व कप 2024 जीतने के बाद विराट कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था। अब वह केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। हाल ही में हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह अफगानिस्तान सीरीज से बाहर रहे, लेकिन बीसीसीआई ने उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए वनडे टीम में शामिल किया है। हालांकि उनकी अंतिम उपलब्धता फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर करेगी।
फैंस को अब वनडे में होगी विराट की वापसी का इंतजार
कोहली के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि टेस्ट क्रिकेट में उनकी वापसी की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की नजर अब इंग्लैंड दौरे पर रहेगी, जहां फिटनेस मिलने पर विराट कोहली एक बार फिर वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया की जर्सी में मैदान पर नजर आ सकते हैं।

