अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लेकर IPL तक, 2026 में इन रिकॉर्ड्स पर रहेगी विराट कोहली की नजर

punjabkesari.in Friday, Jan 02, 2026 - 12:13 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : साल 2026 का आगाज हो चुका है और विराट कोहली अपने करियर के एक और अहम पड़ाव में कदम रखेंगे। 38वें वर्ष में प्रवेश करने के बावजूद उनकी फिटनेस, भूख और रन बनाने की ललक वैसी ही दिखती है जैसी उनके शुरुआती दिनों में थी। भारतीय क्रिकेट और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए कोहली एक बार फिर बड़े मंच पर धमाल मचाने को तैयार हैं। आने वाला साल उनके लिए सिर्फ प्रदर्शन का नहीं, बल्कि कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स को छूने और तोड़ने का भी साल बन सकता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लेकर IPL तक साल 2026 में कोहली के इन रिकॉर्ड्स पर रहेगी नजर- 

IPL में 300 छक्कों के क्लब में शामिल होना

कोहली का खेल हमेशा सिर्फ क्लास का नहीं, बल्कि पावर का भी प्रतीक रहा है। IPL में उनके नाम 291 छक्के दर्ज हैं और वह 300 छक्कों के आंकड़े से महज 9 छक्के दूर हैं। इस उपलब्धि के साथ वह क्रिस गेल और रोहित शर्मा के बाद इस खास क्लब में शामिल होने वाले तीसरे खिलाड़ी बन सकते हैं। यह साबित करता है कि उम्र के साथ भी उनकी आक्रामकता में कोई कमी नहीं आई है।

IPL में 9000 रनों की ऐतिहासिक दहलीज पर 

विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग में एक और अनोखा अध्याय लिखने से बेहद करीब हैं। उन्होंने अब तक 259 पारियों में 8,661 रन बना लिए हैं और 9,000 रन पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ 339 रनों की जरूरत है। ऐसा होते ही वह IPL इतिहास में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले पहले बल्लेबाज़ बन जाएंगे। एक ही फ्रेंचाइजी, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, के लिए पूरा करियर खेलने वाले कोहली की निरंतरता उन्हें इस लीग का सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ बनाती है। 

150 अर्धशतकों की ओर बढ़ते कदम

विराट कोहली ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 145 अर्धशतक लगाए हैं (शतक को छोड़कर)। उन्हें 150 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 5 और हाफ सेंचुरी की जरूरत है। ऐसा होने पर वह सचिन तेंदुलकर के बाद इतिहास में दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड उनकी निरंतरता, तकनीक और मानसिक मजबूती का प्रमाण है।

वनडे क्रिकेट में 15000 रन का लक्ष्य 

वनडे फॉर्मेट में भी विराट कोहली एक बड़े मील के पत्थर के करीब हैं। 296 पारियों में 14,557 रन बना चुके कोहली को 15,000 रन पूरे करने के लिए 443 और रनों की जरूरत है। अगर वह यह कारनामा करते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर के बाद ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज़ होंगे। यह रिकॉर्ड उन्हें वनडे इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों की सूची में और मजबूत जगह दिलाएगा।

इंटरनेशनल रनों में दूसरा स्थान पाने की तैयारी

तीनों फॉर्मेट मिलाकर विराट कोहली के नाम 27,975 अंतरराष्ट्रीय रन दर्ज हैं। वह सिर्फ 42 रन बनाकर कुमार संगकारा को पीछे छोड़ सकते हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। यह उपलब्धि 2026 की शुरुआत में ही देखने को मिल सकती है, जो उनके करियर के लिए एक और सुनहरा पल होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News