IPL 2026 Auction: कब, कहां और कितने बजे शुरू होगी निलामी, जानें पूरी डिटेल

punjabkesari.in Monday, Dec 15, 2025 - 03:45 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 ऑक्शन को लेकर इंतजार अब खत्म होने वाला है। यह हाई-वोल्टेज मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को दोपहर 2:30 बजे (IST) से शुरू होगा और इस बार इसकी मेजबानी अबू धाबी करेगा। एक दिन के इस ऑक्शन में सभी 10 फ्रेंचाइज़ियां अपनी टीमों को अंतिम रूप देने के लिए रणनीतिक दांव लगाती नजर आएंगी।

कितने स्लॉट और कितना पैसा?

IPL 2026 ऑक्शन में कुल 77 स्लॉट उपलब्ध हैं। सभी टीमों के पास मिलाकर 237.55 करोड़ रुपये का पर्स है। फ्रेंचाइज़ियां अधिकतम 25 खिलाड़ियों की टीम बना सकती हैं, ऐसे में हर बोली बेहद अहम होगी।

किन टीमों के पास सबसे बड़ा पर्स?

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) इस ऑक्शन में सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, क्योंकि उनके पास 64.3 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा पर्स और 13 स्लॉट हैं। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के पास 43.4 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद के पास 25.5 करोड़, लखनऊ सुपर जायंट्स के पास 22.95 करोड़ और दिल्ली कैपिटल्स के पास 21.8 करोड़ रुपये बचे हैं। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के पास सिर्फ 2.75 करोड़ रुपये हैं, जिससे उन्हें सस्ते और स्मार्ट विकल्पों पर फोकस करना होगा।

ऑक्शन के सबसे बड़े नाम

इस बार ऑक्शन पूल में कई बड़े खिलाड़ी शामिल हैं। कैमरन ग्रीन सबसे बड़े आकर्षण माने जा रहे हैं। उनके अलावा वेंकटेश अय्यर, रवि बिश्नोई, क्विंटन डी कॉक, डेविड मिलर और स्टीव स्मिथ जैसे नामों पर जमकर बोली लगने की उम्मीद है। साथ ही, अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर भी फ्रेंचाइज़ियों की खास नजर रहेगी।

पिछली ऑक्शन का असर

IPL 2025 ऑक्शन में बने रिकॉर्ड अभी भी ताजा हैं। उस ऑक्शन में ऋषभ पंत 27 करोड़ रुपये में बिककर आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। ऐसे में इस बार भी बड़े नामों के लिए मोटी रकम खर्च होने की पूरी संभावना है।

किन खिलाड़ियों की होगी कमी?

इस ऑक्शन में ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डु प्लेसिस जैसे अनुभवी विदेशी खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी के चलते बाकी टॉप खिलाड़ियों की कीमत और बढ़ सकती है। कुल मिलाकर, IPL 2026 ऑक्शन रोमांच, रणनीति और बड़े फैसलों से भरा रहने वाला है, जहां हर बोली अगले सीजन की तस्वीर बदल सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News