IND vs SL: कौन हैं सारांश जैन? 33 साल की उम्र में पहली बार मिला टीम इंडिया के टेस्ट स्क्वाड में मौका
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 11:34 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस स्क्वाड में सबसे बड़ा सरप्राइज 33 वर्षीय मध्य प्रदेश के ऑफ स्पिनर सारांश जैन रहे, जिन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन और हाल ही में इंडिया ए के लिए दमदार खेल दिखाने का इनाम उन्हें राष्ट्रीय टीम में चयन के रूप में मिला है।
वाशिंगटन सुंदर की जगह मिला मौका
सारांश जैन को चोटिल वाशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड दौरे के दौरान वाशिंगटन सुंदर मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से चोटिल हो गए थे, जिसके बाद चयनकर्ताओं को एक ऑफ स्पिनर की जरूरत थी। रविंद्र जडेजा और मानव सुथार बाएं हाथ के स्पिनर हैं, जबकि कुलदीप यादव चाइनामैन गेंदबाज हैं। ऐसे में स्पिन अटैक में विविधता लाने के लिए सारांश जैन को मौका दिया गया।
इंडिया ए के लिए किया था शानदार प्रदर्शन
हाल ही में श्रीलंका ए दौरे पर सारांश जैन ने अपनी गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावित किया था। पहले अनौपचारिक टेस्ट में साधारण प्रदर्शन के बाद उन्होंने दूसरे मैच में 6 विकेट झटके, जिसमें एक पारी में चार विकेट शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने नाबाद 70 रन भी बनाए। ध्रुव जुरेल की कप्तानी में इंडिया ए ने यह मुकाबला 10 विकेट से जीतकर सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी।
घरेलू क्रिकेट में दमदार रिकॉर्ड
मध्य प्रदेश के लिए लंबे समय से खेल रहे सारांश जैन घरेलू क्रिकेट के अनुभवी ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं। उन्होंने 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 188 विकेट लिए हैं, जिसमें 10 बार पांच विकेट लेने का कारनामा शामिल है। बल्ले से भी उन्होंने 85 पारियों में 2,223 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 14 अर्धशतक भी दर्ज हैं। रणजी ट्रॉफी विजेता मध्य प्रदेश टीम में भी उनकी अहम भूमिका रही है।
फिटनेस पर रहेगा बुमराह और साई सुधर्शन का फैसला
श्रीलंका दौरे के लिए चुने गए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुधर्शन को फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया है। टीम के रवाना होने से पहले बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में उनकी फिटनेस का अंतिम आकलन किया जाएगा। अगर बुमराह पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं तो यश ठाकुर और औकिब नबी बैकअप विकल्प हो सकते हैं।
भारत का श्रीलंका दौरा
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो (SSC) में होगा। इससे पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से चार दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से यह सीरीज दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है।

