WI vs PAK 1st Test: बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान की बड़ी हार, वेस्टइंडीज ने 90 रन से दर्ज की शानदार जीत

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 12:44 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बल्लेबाजी एक बार फिर पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। टेस्ट कप्तान के तौर पर बाबर आजम की वापसी भी टीम की किस्मत नहीं बदल सकी और वेस्टइंडीज ने ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले गए पहले टेस्ट में 90 रन से शानदार जीत दर्ज की। 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 120 रन पर सिमट गई।

211 रन के लक्ष्य के सामने बिखरी पाकिस्तान की बल्लेबाजी

चौथे दिन पाकिस्तान को जीत के लिए 211 रन बनाने थे, लेकिन शुरुआत से ही बल्लेबाज दबाव में दिखे। कप्तान बाबर आजम ने नाबाद अर्धशतक जरूर लगाया, लेकिन दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। पूरी टीम 120 रन पर ऑलआउट हो गई और पाकिस्तान को 90 रन से हार का सामना करना पड़ा।

जयडेन सील्स ने बरपाया कहर

वेस्टइंडीज की जीत के सबसे बड़े हीरो तेज गेंदबाज जयडेन सील्स रहे। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके शानदार प्रदर्शन के दम पर मेजबान टीम ने मैच पर पूरी पकड़ बनाए रखी।

वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में बनाया चुनौतीपूर्ण स्कोर

चौथे दिन वेस्टइंडीज ने 126/7 से आगे खेलना शुरू किया। शमार जोसेफ ने 27 गेंदों में 38 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने केमर रोच (18) के साथ 61 रन की अहम साझेदारी की। मोहम्मद अब्बास ने पांच विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 181 रन पर समेट दिया, लेकिन तब तक मेजबान टीम पाकिस्तान के सामने 211 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रख चुकी थी।

जस्टिन ग्रीव्स बने प्लेयर ऑफ द मैच

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स को पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, सर गारफील्ड सोबर्स की जयंती के दिन मिली यह जीत वेस्टइंडीज के लिए और भी खास बन गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News