WI vs PAK: 5 विकेट लेने वाले अब्बास दूसरे टेस्ट से बाहर क्यों? बाबर आजम ने बताई बड़ी वजह
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 12:50 PM (IST)
त्रिनिदाद: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 90 रन की करारी हार झेलने के बाद पाकिस्तान ने दूसरे और आखिरी टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बड़े बदलाव किए। सबसे ज्यादा चर्चा अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास को बाहर किए जाने की रही। पहले टेस्ट में पांच विकेट लेने वाले अब्बास को ड्रॉप करने के फैसले ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। हालांकि कप्तान बाबर आजम ने टॉस के दौरान इसकी वजह भी साफ कर दी।
बाबर आजम ने बताई अब्बास को बाहर करने की वजह
पोर्ट ऑफ स्पेन में टॉस के दौरान बाबर आजम ने कहा कि टीम ने पिच और परिस्थितियों को देखते हुए बदलाव किए हैं। उन्होंने बताया कि इस विकेट पर अतिरिक्त स्पिनर की जरूरत थी, इसलिए टीम संयोजन बदला गया। बाबर ने कहा, 'हमने परिस्थितियों को देखते हुए कुछ बदलाव किए हैं। अब्दुल्ला शफीक टीम में लौटे हैं और हमने चार बदलाव किए हैं, जिनमें दो खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं। हमें बल्लेबाजी में अच्छी साझेदारियां बनानी होंगी और विकेटों का सिलसिला नहीं लगने देना होगा।'
मोहम्मद अब्बास को बाहर करने पर बाबर ने कहा, 'नहीं, जैसा मैंने कहा, यह पूरी तरह परिस्थितियों का फैसला है। यहां की पिच अलग तरह की है, इसलिए हमने एक अतिरिक्त स्पिनर को मौका दिया है।'
पाकिस्तान ने दो खिलाड़ियों को दिया टेस्ट डेब्यू
पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट में दो खिलाड़ियों को टेस्ट कैप सौंपी। तेज गेंदबाज उबैद शाह, जो नसीम शाह के छोटे भाई हैं, और बल्लेबाज अवैस जफर ने अपना टेस्ट डेब्यू किया। टीम ने कुल चार बदलाव किए।
पहले दिन वेस्टइंडीज का दबदबा
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पहले दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 239 रन बना लिए।जस्टिन ग्रीव्स 64 और कप्तान रोस्टन चेज 36 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग ने 50 गेंदों में 46 रन की तेज पारी खेली।
पाकिस्तान के गेंदबाजों का प्रदर्शन
पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अली ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। डेब्यू कर रहे उबैद शाह, अली उस्मान और साजिद खान ने एक-एक विकेट हासिल किया।

