ENG vs IND : जसप्रीत बुमराह लॉर्ड्स में निर्णायक तीसरे वनडे से बाहर, जानें क्या है वजह

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 03:26 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का निर्णायक मुकाबला और तीसरा वनडे लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी जबकि भारतीय टीम में एक बड़ा बदलाव या यह कहें कि झटका मिला। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। भारत के लिए यह मैच काफी महत्वपूर्ण है खासकर तब जब टीम पहले ही टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 4-0 से हार गई हो। ऐसे में मुख्य तेज गेंदबाज का बाहर होना बड़ा नुकसान है। 

शुभमन गिल ने टॉस के बाद बुमराह के चोटिल होने की जानकारी साझा की। गिल ने कहा, 'हम पहले बॉलिंग करने वाले थे। टीम में तीन बदलाव हुए हैं। 'बूम' (बुमराह) नहीं खेल रहे हैं, घुटने की चोट के कारण वे उपलब्ध नहीं हैं। वॉशिंगटन सुंदर भी नहीं खेल रहे हैं। दुबे भी बाहर हैं। केएल, प्रिंस यादव और अर्शदीप टीम में वापस आए हैं।' 

अर्शदीप सिंह को चुनने पर गिल ने कहा, 'हम आंकड़ों पर बहुत ज्यादा निर्भर नहीं रहते। हमें लगता है कि वह एक बेहतरीन बॉलर हैं और हम इस मैदान पर चार सीमर (तेज गेंदबाज) चाहते थे। हमने देखा है कि मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स के मुकाबले तेज गेंदबाज ज्यादा असरदार होते हैं।' 

दूसरे वनडे से भारत को क्या सुधार करने की जरूरत है? गिल ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैच के 25 ओवर तक हम बहुत अच्छी स्थिति में थे, लेकिन फिर मिडिल ओवर्स के आखिर में हमने बहुत सारे विकेट गंवा दिए। उम्मीद है कि अगर हम वैसी स्थिति में हों, तो 280-300 के आसपास का अच्छा स्कोर बना पाएंगे। हमने देखा है कि पिछले कुछ मैचों में आसानी से रन बनाना आसान नहीं रहा है। उम्मीद है कि हम अच्छे रन बना पाएंगे और टीम को मजबूत स्थिति में ला सकेंगे।' 

प्लेइंग XI

इंग्लैंड : बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, जोश टंग 

भारत : रोहित शर्मा, शुबमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News