महिला टी20 विश्व कप: हैंडशेक से इनकार पर पाकिस्तान के मुख्य कोच का बयान, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 05:17 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ 64 रन की करारी हार झेलने के बाद पाकिस्तान महिला टीम के मुख्य कोच और पूर्व तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने मैच के बाद भारत द्वारा हाथ न मिलाने (हैंडशेक) के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। रियाज ने कहा कि उन्हें इसके पीछे की वजह नहीं पता, लेकिन ऐसी चीजों से कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ता।
हैंडशेक विवाद पर पहली बार बोले वहाब रियाज
बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे भारत के हैंडशेक न करने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी वजह की जानकारी नहीं है। 'मुझे नहीं पता कि हाथ न मिलाने की वजह क्या है। लेकिन अगर चीजें इसी तरह आगे बढ़नी हैं तो ऐसा ही रहने दीजिए। इससे कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ता।' भारत और पाकिस्तान के बीच हैंडशेक को लेकर चर्चा पिछले साल एशिया कप के दौरान भी हुई थी और उसके बाद से दोनों टीमों के बीच यह मुद्दा लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
पावरप्ले तक मुकाबले में थी पाकिस्तान टीम
हार के बावजूद वहाब रियाज ने माना कि उनकी टीम शुरुआती ओवरों तक मुकाबले में बनी हुई थी। उनके अनुसार पावरप्ले के बाद टीम को कुछ ओवरों तक विकेट बचाकर रन गति बनाए रखने की जरूरत थी। 'हमने पावरप्ले में अच्छा खेल दिखाया। अगले तीन-चार ओवरों में बिना विकेट गंवाए सात-आठ रन प्रति ओवर की जरूरत थी।'
लगातार विकेट गिरने से बिगड़ा खेल
रियाज ने कहा कि सातवें से 13वें ओवर के बीच लगातार विकेट गिरना टीम की हार की सबसे बड़ी वजह बना। 'दुर्भाग्य से सातवें से 13वें ओवर के बीच हमने लगातार पांच विकेट गंवा दिए। टी20 क्रिकेट में इतनी जल्दी विकेट गिरने के बाद वापसी करना बेहद मुश्किल हो जाता है।'
स्मृति-ऋचा ने दिलाई मजबूत शुरुआत
इससे पहले भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना की 68 रन की शानदार पारी और ऋचा घोष की 17 गेंदों में 34 रन की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत 20 ओवर में 170/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
दीप्ति शर्मा के आगे पाकिस्तान ने टेके घुटने
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की बल्लेबाजी भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने बिखर गई। दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट हासिल किए। पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई और भारत ने 64 रन से शानदार जीत दर्ज की।
अब आगे क्या?
इस हार से पाकिस्तान के नेट रन रेट को भी बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान का अगला मुकाबला 17 जून को दक्षिण अफ्रीका से होगा, जबकि भारतीय टीम उसी दिन नीदरलैंड्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

