Womens IPL : पांच साल के मीडिया अधिकारों के लिए टेंडर जारी
punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 06:40 PM (IST)

नई दिल्ली : बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) ने शुक्रवार को महिलाओं की इंडियन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूआईपीएल) के 2023 से 2027 तक पांच साल के लिये मीडिया अधिकारों के लिए टेंडर आमंत्रित की।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने मीडिया विज्ञप्ति में कहा, ‘आईपीएल की संचालन परिषद ने महिलाओं की इंडियन प्रीमियर लीग के 2023-2027 सत्र के लिए मीडिया अधिकार हासिल करने के लिए प्रतिष्ठित कंपनियों से निविदा प्रक्रिया के जरिए बोलियां आमंत्रित की हैं।' मीडिया अधिकार की बोली एक बार की सीलबंद होगी या फिर बढ़ती हुई ई-नीलामी बोलियां होंगी, इसके बारे में तफ्सील से नहीं बताया गया है।
टेंडर के लिए आमंत्रण (आईटीटी) बोली दस्तावेज की कीमत पांच लाख रूपए और इस पर लगने वाला कर होगी। आईटीटी 31 दिसंबर 2022 तक खरीदी जा सकती है। दिलचस्पी दिखाने वाली कंपनियों को आईटीटी खरीदनी ही होंगी। हालांकि पात्रता के मानदंड और अन्य नियम एवं शर्तों को पूरा करने वाली आईटीटी ही बोली लगाने योग्य होंगी। यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि आईटीटी खरीदने भर से कोई व्यक्ति बोली लगाने का हकदार नहीं हो जाएगा।