विश्व पैरा खेल : शरद को रजत, मरियप्पन ने जीता कांस्य

punjabkesari.in Friday, Nov 15, 2019 - 01:07 PM (IST)

दुबई : भारत के ऊंची कूद के पैरा एथलीट शरद कुमार और मरियप्पन ने यहां विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीतकर अगले साल होने वाले तोक्यो पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई किया। दो बार के एशियाई पैरा खेल चैंपियन शरद कुमार का सर्वश्रेष्ठ प्रयास 1.83 मीटर रहा जबकि रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन को 1.80 मीटर के साथ कांस्य पदक मिला। यह मरियप्पन का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। सैम ग्रेव ने 1.86 मीटर के चैंपियनशिप रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।

शरद ने बाद में कहा, ‘मैं अपने आज के प्रदर्शन से निराश हूं। मैं पिछले तीन साल से उक्रेन में रहकर अभ्यास कर रहा हूं और मुझे इससे बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था। मुझे अपने कार्यक्रम, योजना और अन्य कई चीजों पर फिर से गौर करना होगा।' इस स्पर्धा में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय रामसिंह पढ़िया 1.77 मीटर के साथ पांचवें स्थान पर रहे। इससे पहले लाल विनयकुमार ने पुरुषों की 400 मीटर टी44 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर तोक्यो 2020 में भी जगह बनाई। उन्होंने 55.49 सेकेंड में यह दूरी पूरी की। भारत ने चैंपियनशिप में अब तक दो स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक सहित कुल नौ पदक जीत लिये हैं। चीन 23 स्वर्ण सहित 53 पदक लेकर शीर्ष पर है। उसके बाद ब्राजील (37) और ग्रेट ब्रिटेन (24) का नंबर आता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sanjeev

Recommended News

Related News