WPL 2026 ऑक्शन लिस्ट जारी : 277 खिलाड़ियों के बीच 73 स्लॉट के लिए मुकाबला, इन खिलाड़ियों पर नजर
punjabkesari.in Friday, Nov 21, 2025 - 02:38 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की तैयारी तेज हो चुकी है और इसी कड़ी में लीग ने आगामी ऑक्शन के लिए आधिकारिक प्लेयर लिस्ट जारी कर दी है। इस बार कुल 277 खिलाड़ी नीलामी में हिस्सा लेंगी, जहां 73 उपलब्ध स्लॉट के लिए कड़ा मुकाबला होगा। 27 नवंबर को नई दिल्ली में होने वाले इस मेगा ऑक्शन में भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिलेगा। दीप्ति शर्मा, सोफी डिवाइन और एलिसा हीली जैसी दिग्गज खिलाड़ी मार्की कैटेगरी में हैं, जिससे यह ऑक्शन और भी रोमांचक बनने वाला है।
WPL ने जारी की 277 खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची
टाटा WPL ने गुरुवार को एक बयान जारी कर बताया कि 2026 सीज़न की नीलामी लिस्ट में कुल 277 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों में से 194 भारतीय हैं, जबकि 83 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। भारतीय खिलाड़ियों में 52 कैप्ड और 142 अनकैप्ड प्रतिभागी नजर आएंगे, जो कुल 50 भारतीय स्लॉट के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। वहीं दूसरी ओर, विदेशी खिलाड़ियों में 66 कैप्ड और 17 अनकैप्ड क्रिकेटर शामिल किए गए हैं। इनके लिए 23 विदेशी स्लॉट उपलब्ध होंगे, जिनके लिए फ्रेंचाइज़ियों के बीच जोरदार बोली देखने को मिल सकती है।
मार्की सेट से होगी ऑक्शन की शुरुआत
WPL 2026 ऑक्शन की शुरुआत शाम 3:30 PM पर होगी, और पहला सेट बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है। मार्की सूची में शामिल 8 नाम इस प्रकार हैं:
दीप्ति शर्मा (भारत)
रेणुका सिंह (भारत)
सोफी डिवाइन (न्यूज़ीलैंड)
सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड)
एलिसा हीली (ऑस्ट्रेलिया)
अमेलिया केर (न्यूज़ीलैंड)
मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया)
लॉरा वोल्वार्ड्ट (दक्षिण अफ्रीका)
ये सभी खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए मैच-विनर रही हैं, इसलिए इनके लिए भारी बोली लगने की पूरी संभावना है।
प्राइस ब्रैकेट
19 खिलाड़ी 50 लाख रुपए के सबसे ऊंचे बेस-प्राइस ब्रैकेट में
11 खिलाड़ी 40 लाख के स्लैब में
88 खिलाड़ी 30 लाख के बेस प्राइस के साथ
फ्रेंचाइज़ियों को अधिकतम 18 खिलाड़ियों की स्क्वॉड बनाने की अनुमति है, जिसके आधार पर कुल 73 स्लॉट भरे जाएंगे।
UP Warriorz सबसे मजबूत पर्स के साथ मैदान में
UP Warriorz ने हाल ही में अनकैप्ड भारतीय बल्लेबाज श्वेता सेहरावत को रिटेन करने के बाद मजबूत पर्स, चार राइट-टू-मैच (RTM) विकल्प और टीम रीबिल्डिंग के बेहतर अवसर के साथ ऑक्शन में एंट्री ली है। इसके विपरीत, मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अपने 5-5 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और उनके पास कोई RTM उपलब्ध नहीं है। DC ने शैफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स जैसी युवा भारतीय स्टार बल्लेबाज़ों को बरकरार रखा है, जिन्होंने हालिया ICC महिला विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था।
RCB की स्मृति मंधाना अब तक की सबसे महंगी खिलाड़ी
WPL इतिहास की सबसे महंगी खिलाड़ी अभी भी स्मृति मंधाना ही हैं, जिन्हें RCB ने पहले सीज़न में 3.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2024 में उन्होंने टीम को अपना पहला WPL ख़िताब भी जिताया। फ्रेंचाइजियों द्वारा कुल 17 खिलाड़ी जिनमें 7 विदेशी शामिल हैं रिटेन किए गए हैं। सभी टीमों के पास मिलाकर नीलामी में खर्च करने के लिए 41.1 करोड़ रुपए का कुल पर्स उपलब्ध है।

