IPL 2023 : रिंकू सिंह के 5 छक्कों के बाद यश दयाल की मां ने छोड़ दिया था खाना
punjabkesari.in Tuesday, Apr 11, 2023 - 10:47 AM (IST)

कोलकाता : रिंकू सिंह के पांच छक्कों के बाद जहां उनके घर में उत्सव का माहौल बन गया, वही उत्तर प्रदेश के उनके साथी यश दयाल के घर में मातम पसर गया और आलम यह था कि उनकी मां ने खाना छोड़ दिया था। उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल की गेंदों पर राज्य के उनके साथी रिंकू ने लगातार 5 छक्के लगाए जिससे इलाहाबाद स्थित उनके घर में उनकी मां राधा दयाल बेसुध हो गई और उन्होंने खाना पीना बंद कर दिया।
यश के पिता चंद्रपाल दयाल ने कहा, ‘कल का दिन हमारे लिए किसी बुरे सपने की तरह था।’ यश की बड़ी बहन और पोषण आहार विशेषज्ञ शुचि ने इसके बाद अपनी मां की देखभाल की। चंद्रपाल ने कहा, ‘खेलों में ऐसा समय आता है। यहां तक कि जिंदगी में भी आपको असफलताएं मिलती हैं। ऐसे में मजबूत बने रहना महत्वपूर्ण होता है।’
गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या सहित टीम के सभी खिलाड़ियों ने इस मौके पर यश का साथ दिया। उनके पिता ने कहा, ‘टीम के सभी साथियों ने उसे अपने पास बिठाकर सांत्वना दी। बाद में नाच गाना भी हुआ और उन्होंने उसके साथ अच्छे पल बिताए।’