IND vs ZIM: गौतम गंभीर की एक सलाह ने बदली जिंदगी, डेब्यू से पहले यश ठाकुर ने किया बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 01:27 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम में पहली बार चुने जाने के बाद अपने सफर और हेड कोच गौतम गंभीर से मिली अहम सलाह का खुलासा किया है। यश ने बताया कि लखनऊ सुपर जायंट्स में साथ रहने के दौरान गंभीर ने उन्हें अपनी ताकत पर भरोसा बनाए रखने की सीख दी थी, जो आज भी मुश्किल समय में उनका आत्मविश्वास बढ़ाती है।
यश ठाकुर ने कहा कि घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और इंडिया ए के बाद अब टीम इंडिया तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था, लेकिन हर स्तर पर मिली सीख ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
गौतम गंभीर की सलाह आज भी याद
यश ठाकुर ने जियोस्टार से बातचीत में बताया कि लखनऊ सुपर जायंट्स में रहते हुए गौतम गंभीर ने उनसे कहा था कि क्रिकेट का स्तर बदल सकता है, लेकिन अपनी पहचान और खेलने का तरीका नहीं बदलना चाहिए। 'गंभीर भाई ने मुझसे कहा था कि तुमने घरेलू क्रिकेट में अच्छा किया है। तुम्हें विकेट लेना आता है और मैच जिताना भी। इसलिए अपना माइंडसेट कभी मत बदलना। घरेलू क्रिकेट से आईपीएल और फिर इंटरनेशनल क्रिकेट तक स्तर बदलता रहेगा, लेकिन अपनी स्किल और अपनी ताकत पर भरोसा बनाए रखना। अपनी प्रक्रिया पर विश्वास रखो।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं आज भी उनकी यही सलाह मानता हूं। जब भी दबाव महसूस होता है, मैं उनकी बातें याद करता हूं। इससे मुझे शांत रहने और अपने खेल पर फोकस करने में काफी मदद मिलती है।'
ऐसे मिली टीम इंडिया में चयन की खबर
यश ठाकुर ने बताया कि उन्हें खुद भी नहीं पता था कि उनका चयन हो गया है। नागपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद लगातार फोन और मैसेज आने लगे, तब उन्हें इस बड़ी खबर का पता चला। 'मैं और हर्ष दुबे नागपुर पहुंचे ही थे। सामान लेकर बाहर निकल रहा था तभी फोन लगातार बजने लगा। दोस्तों का कॉल आया और उन्होंने कहा कि तुम्हारा चयन हो गया है। पहले तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ, फिर मैंने ऑनलाइन देखा और पता चला कि जिम्बाब्वे दौरे के लिए मेरा चयन हुआ है। वह पल मेरे लिए अविश्वसनीय था।'
हर पड़ाव पार कर पूरा हुआ सपना
यश ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अंडर-19, रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, आईपीएल और इंडिया ए तक हर स्तर पर मेहनत की और अब टीम इंडिया की जर्सी पहनना उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा होने जैसा है।
उन्होंने कहा, 'हर स्तर की अपनी अलग चुनौती थी। एक-एक सीढ़ी चढ़कर यहां तक पहुंचना मेरे लिए बेहद खास है। देश के लिए खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है और आज टीम इंडिया की जर्सी पहनना इस बात का एहसास दिलाता है कि मेरी सारी मेहनत सफल हुई है।' भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज में यश ठाकुर पर सभी की नजरें रहेंगी। अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे।

