IND vs ZIM: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे टीम का ऐलान

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 12:32 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए जिम्बाब्वे क्रिकेट (ZC) ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। सिकंदर रजा की कप्तानी वाली टीम में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई पिछली टी20 सीरीज की तुलना में तीन बदलाव किए गए हैं। तीनों मुकाबले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 23, 25 और 26 जुलाई को खेले जाएंगे।

तीन खिलाड़ियों की हुई वापसी और एंट्री

जिम्बाब्वे ने ऑलराउंडर वेस्ली मधेवेरे की टीम में वापसी कराई है। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज तफाद्जवा त्सिगा को पहली बार टी20 इंटरनेशनल टीम में जगह मिली है। तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी भी चोट से उबरने के बाद टीम में लौट आए हैं। दूसरी ओर क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा और ताशिंगा मुसेकिवा को टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि न्यामहुरी के विकल्प के तौर पर शामिल किए गए तनाका चिवांगा ने अपनी जगह बरकरार रखी है।

बांग्लादेश के खिलाफ शानदार रहा घरेलू प्रदर्शन

सिकंदर रजा की कप्तानी में जिम्बाब्वे ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया था। टीम ने एकमात्र टेस्ट पारी के अंतर से जीता और वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। हालांकि टी20 सीरीज में बांग्लादेश ने वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की।

भारत खराब फॉर्म से उबरने की कोशिश में

दूसरी ओर मौजूदा टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारत हाल के दिनों में खराब दौर से गुजर रहा है। टीम अपने पिछले सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी। भारत को आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मैचों में हार मिली, जबकि इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 4-0 से क्लीन स्वीप किया। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी।

जिम्बाब्वे की टीम

सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तडीवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगरावा, न्यूमैन न्यामहुरी, मिल्टन शुम्बा, तफाद्जवा त्सिगा।

भारत की टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन, प्रभसिमरन सिंह, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, आशीष शर्मा, मयंक यादव और रवि बिश्नोई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News