IND vs PAK: क्या अभिषेक शर्मा को जल्दबाजी में खिलाना चाहिए? विश्व कप विजेता ने दी खास सलाह

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 01:25 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : ICC Men's T20 World Cup 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होना है। लेकिन इस मैच से पहले टीम इंडिया के आक्रामक सलामी बल्लेबाज Abhishek Sharma की फिटनेस को लेकर संशय बना हुआ है।

अभिषेक हाल ही में वायरल फीवर और पेट के संक्रमण से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भी भर्ती होना पड़ा। इसी वजह से वह नामीबिया के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल सके।

गोल्डन डक के बाद बीमारी ने बढ़ाई चिंता

अभिषेक टूर्नामेंट के पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ गोल्डन डक पर आउट हुए थे। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और टीम प्रबंधन को उनकी फिटनेस पर नजर रखनी पड़ी। भारतीय टीम प्रबंधन कोलंबो में नेट सत्र के दौरान उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद ही अंतिम फैसला करेगा।

फिंच की सलाह: जल्दबाजी न करें

ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप विजेता कप्तान Aaron Finch ने भारतीय टीम प्रबंधन को सलाह दी है कि अभिषेक को जल्दबाजी में प्लेइंग इलेवन में शामिल न किया जाए।

फिंच ने कहा कि भारत के पास मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप है। संजू सैमसन और ईशान किशन शीर्ष क्रम में अच्छी शुरुआत दे सकते हैं। ऐसे में अगर अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं हैं, तो जोखिम लेने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा, 'आप टूर्नामेंट पहले फेज में नहीं जीत सकते, लेकिन इसे हार जरूर सकते हैं। आपको अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को सुपर-8 और सेमीफाइनल जैसे अहम चरणों के लिए फिट रखना होगा।'

सूर्या और गंभीर पर जिम्मेदारी

भारतीय कप्तान Suryakumar Yadav और मुख्य कोच Gautam Gambhir के सामने बड़ा फैसला है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला प्रतिष्ठा से जुड़ा है, लेकिन टीम प्रबंधन दीर्घकालिक रणनीति को ध्यान में रखकर निर्णय ले सकता है।

क्या खेलेंगे अभिषेक?

अभिषेक टीम के साथ कोलंबो पहुंच चुके हैं और नेट्स में हिस्सा ले रहे हैं। उनके माता-पिता भी इस बड़े मुकाबले से पहले कोलंबो पहुंचे हैं। हालांकि, अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा। अगर वह पूरी तरह फिट नहीं होते, तो टीम मैनेजमेंट उन्हें आराम दे सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News