अजिंक्य रहाणे ने मुंबई की कप्तानी छोड़ी, कहा- नए कप्तान को तैयार करने का यह सही समय है

punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 12:51 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : मुंबई क्रिकेट टीम के दिग्गज अजिंक्य रहाणे ने आगामी घरेलू सत्र से पहले कप्तानी छोड़ने की घोषणा की है। इस अनुभवी खिलाड़ी ने टीम को 2023-24 में रिकॉर्ड रणजी ट्रॉफी जीत दिलाई और उसके बाद 2024 में ईरानी कप जीता। अपने फैसले के बारे में बताते हुए रहाणे ने कहा कि मुंबई के लिए एक नए कप्तान को तैयार करने का यह सही समय है। 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रहाणे पर लिखा, 'मुंबई टीम की कप्तानी करना और चैंपियनशिप जीतना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही है। नए घरेलू सीजन के साथ मेरा मानना ​​है कि एक नए कप्तान को तैयार करने का यह सही समय है, इसलिए मैंने कप्तानी की भूमिका जारी न रखने का फैसला किया है।' 

कप्तान के रूप में रहाणे की उपलब्धियों की सूची सराहनीय है। इनमें 2022/23 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, 2022/23 में दलीप ट्रॉफी, 2023/24 में रणजी ट्रॉफी और 2024 में ईरानी कप जीतना शामिल है। गौरतलब है कि रहाणे इससे पहले टी20आई, वनडे और टेस्ट मैचों में भारत का नेतृत्व कर चुके हैं। उन्हें IPL 2025 के लिए KKR का कप्तान बनाया गया था। 

रहाणे के कप्तान पद से हटने के बाद, मुंबई के पास उनके उत्तराधिकारी को चुनने के लिए कई विकल्प हैं। कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे शार्दुल और श्रेयस अय्यर जैसे सितारे हो सकते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News