बाबर आजम पाकिस्तान की कप्तानी करने को तैयार, लेकिन फैसला टीम के हित पर निर्भर

punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 08:34 PM (IST)

लाहौर : बाबर आजम ने कहा कि उन्होंने भविष्य में पाकिस्तान की कप्तानी दोबारा संभालने की संभावना से इनकार नहीं किया है, क्योंकि टीम का हित ही हमेशा उनकी प्राथमिकता रहा है। बाबर ने आखिरी बार 2024 टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज में पाकिस्तान की कप्तानी की थी। बाबर ने एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, 'कप्तानी का मुद्दा अभी अलग बात है; अभी मेरा पूरा ध्यान पाकिस्तान सुपर लीग के फाइनल पर है। लेकिन अगर भविष्य में ऐसी कोई स्थिति आती है, तो मैं हमेशा वही करूंगा जो पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे अच्छे हित में होगा।' 

बाबर PSL 11 में जबरदस्त फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने पेशावर जाल्मी की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया और काफी रन भी बनाए, जिसमें दो शतक भी शामिल हैं। बाबर 2020 से 2023 के बीच सभी फॉर्मेट में कप्तान रहे जिसके बाद उन्होंने ODI वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी छोड़ दी थी। लेकिन बाद में वह 2024 वर्ल्ड कप के लिए राष्ट्रीय टी20 कप्तान के तौर पर वापस आए, जहां पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था जिसके बाद उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया। 

इस शानदार बल्लेबाज ने कहा कि वह आलोचना पर ध्यान नहीं देते क्योंकि वह हमेशा बुनियादी बातों पर टिके रहने और अपने क्रिकेट का आनंद लेने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आगे कहा, 'चाहे मैं अच्छा खेलूं या न खेलूं, आलोचना तो होती ही है, इसलिए मैं इसके बारे में कुछ नहीं कर सकता। लेकिन मुझे अपने फैन्स और समर्थकों से बहुत आत्मविश्वास मिलता है और मैं रविवार को फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए सचमुच बहुत उत्साहित हूं।' 

बाबर ने कहा कि PSL में कई उभरती हुई प्रतिभाएं सामने आई हैं, और उन्हें ठीक से तराशा जाना चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह PSL फाइनल में मार्नस लाबुशेन की कप्तानी वाली हैदराबाद किंग्समेन का सामना करने की संभावना को लेकर चिंतित हैं? बाबर ने कहा, 'हर टीम की अपनी रणनीति और योजनाएं होती हैं और उन्होंने फाइनल तक पहुंचकर बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन हम लगातार अच्छा खेलते आ रहे हैं, और उम्मीद है कि हम उन सभी चीजों को सही ढंग से कर पाएंगे जो हमने अब तक की हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News