विराट की वापसी पर बदल जाएगा बैटिंग ऑर्डर? अंबाती रायुडू ने नंबर 4 के लिए चुना नया खिलाड़ी
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 02:57 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने टीम इंडिया के वनडे संयोजन को लेकर बड़ी राय दी है। उनका मानना है कि विराट कोहली की वापसी के बाद ईशान किशन को नंबर-4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए, क्योंकि वह बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ-साथ स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ प्रभावी हैं। रायुडू ने साथ ही रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और 2027 वनडे विश्व कप को लेकर भी अहम बातें कही हैं।
ईशान किशन को नंबर-4 पर देखना चाहते हैं रायुडू
रायुडू ने कहा कि ईशान किशन ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार वापसी की। धर्मशाला में 34 रन और लखनऊ में 125 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज का मानना है कि विराट कोहली की वापसी के बाद नंबर-3 की जगह तय हो जाएगी और ऐसे में ईशान किशन के लिए नंबर-4 सबसे उपयुक्त स्थान होगा।
उन्होंने कहा, 'ईशान किशन टीम इंडिया के वनडे सेटअप का अहम हिस्सा हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के कारण वह टीम को संतुलन देते हैं। वह स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हैं। मेरे हिसाब से नंबर-4 उनके लिए आदर्श स्थान है। नंबर-4 और नंबर-5 पर ईशान किशन और श्रेयस अय्यर की जोड़ी भारत के लिए बेहद मजबूत साबित हो सकती है।'
विराट कोहली की तारीफ में कही बड़ी बात
रायुडू ने विराट कोहली की मानसिक मजबूती और फिटनेस की जमकर तारीफ की। उन्होंने 2014 के इंग्लैंड दौरे का उदाहरण देते हुए कहा कि मुश्किल दौर से बाहर निकलने की विराट की क्षमता उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। उन्होंने कहा, 'विराट अपनी तैयारी, फिटनेस और प्रोसेस को लेकर बेहद अनुशासित हैं। उन्हें पता होता है कि खराब दौर हमेशा नहीं रहेगा। उनकी मानसिक मजबूती और फिटनेस ने युवा खिलाड़ियों के लिए एक नया मानक तय किया है। कई क्रिकेटरों ने उनसे सीख लेकर अपने करियर को बेहतर बनाया है।'
रोहित शर्मा 2027 विश्व कप की योजनाओं में जरूर हैं
2027 वनडे विश्व कप में रोहित शर्मा की भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी रायुडू ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि रोहित का अनुभव टीम के लिए बेहद अहम है और वह सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में भी टीम का माहौल सकारात्मक बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि रोहित शर्मा 2027 विश्व कप की योजनाओं का हिस्सा हैं। उनका अनुभव टीम के लिए अमूल्य है। बड़े मैचों में रोहित हमेशा अलग स्तर का प्रदर्शन करते हैं। तकनीकी और शारीरिक रूप से वह पूरी तरह सक्षम हैं, बस मानसिक रूप से सही समय पर खुद को तैयार करना होता है और वह यह अच्छी तरह जानते हैं।'
यशस्वी जायसवाल को तीसरे ओपनर के रूप में तैयार करने की सलाह
रायुडू ने यशस्वी जायसवाल को भी भारत की भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा और यशस्वी दोनों की टीम में जगह बनती है, लेकिन विश्व कप को देखते हुए यशस्वी को तीसरे ओपनर के तौर पर तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'यशस्वी जायसवाल को पर्याप्त मौके मिलने चाहिए। अगर विश्व कप के दौरान किसी ओपनर को चोट लगती है तो टीम के पास पूरी तरह तैयार विकल्प होना चाहिए। इसलिए तीसरे ओपनर के रूप में यशस्वी सबसे बेहतर विकल्प हैं।'
इंग्लैंड सीरीज पर रहेंगी निगाहें
भारत अब इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा, जिसकी शुरुआत 1 जुलाई से होगी। इसके बाद दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी, जहां विराट कोहली की वापसी के साथ टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम पर सभी की नजरें रहेंगी।

