अनाहत सिंह ने रचा इतिहास, विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय बनीं

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 11:06 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत की युवा स्टार अनाहत सिंह ने कनाडा के ओंटारियो में इतिहास रचते हुए विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीत लिया। फाइनल में उन्होंने मिस्र की दूसरी वरीयता प्राप्त रुकय्या सलेम को सीधे गेमों में 11-3, 11-7, 11-9 से हराकर भारत को पहली बार जूनियर स्क्वैश विश्व चैंपियन बनाया। इसके साथ ही वह जूनियर या सीनियर स्तर पर विश्व स्क्वैश खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी भी बन गईं।

फाइनल में मिस्र की चुनौती को किया ध्वस्त

दिल्ली की रहने वाली अनाहत ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाया। पहला गेम 11-3 और दूसरा गेम 11-7 से जीतकर उन्होंने बढ़त बना ली। तीसरे गेम में रुकय्या सलेम ने वापसी की कोशिश की और एक समय 8-6 की बढ़त भी बना ली, लेकिन अनाहत ने शानदार वापसी करते हुए 11-9 से गेम और मैच अपने नाम कर लिया।

जोशना चिनप्पा के बाद फाइनल खेलने वाली दूसरी भारतीय

अनाहत विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनीं। इससे पहले जोशना चिनप्पा ने 2005 में बेल्जियम में फाइनल खेला था, जहां उन्हें मिस्र की रनीम एल वेलीली से हार का सामना करना पड़ा था।

'मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा, जैसे सपना पूरा हुआ'

खिताब जीतने के बाद अनाहत ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा, 'मुझे अभी भी ऐसा लग रहा है जैसे मैं सपना देख रही हूं। इस टूर्नामेंट में हर बार मुझे क्वार्टरफाइनल या सेमीफाइनल में हार मिली थी। मुझे पता था कि यह मेरा आखिरी मौका है और मैं इसे गंवाना नहीं चाहती थी।'

2025 की हार का लिया बदला, पांचवें प्रयास में मिली सफलता

यह अनाहत का इस टूर्नामेंट में पांचवां अभियान था। 2025 में वह फाइनल तक पहुंची थीं, लेकिन मिस्र की नादीन एलहम्मामी से सीधे गेमों में हार गई थीं और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। 2026 संस्करण उनका आखिरी जूनियर विश्व चैंपियनशिप था, जिसमें उन्होंने आखिरकार खिताब जीतकर वर्षों का इंतजार खत्म कर दिया।

15 साल बाद टूटा मिस्र का दबदबा

अनाहत ने इस जीत के साथ महिला जूनियर स्क्वैश में मिस्र के 15 साल पुराने वर्चस्व का भी अंत कर दिया। 2010 में अमेरिका की अमांडा शोबी के बाद पहली बार किसी गैर-मिस्री खिलाड़ी ने यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।

अब लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 पर नजर

विश्व जूनियर चैंपियन बनने के बाद अब अनाहत सिंह का अगला बड़ा लक्ष्य लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 होगा, जहां स्क्वैश पहली बार ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News