AUS vs Oman, T20 World Cup : ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जीत के साथ ली टी20 वर्ल्ड कप से विदाई, ओमान को 9 विकेट से हराया
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 10:39 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का अपमान झेल रही आस्ट्रेलियाई टीम ने टी20 विश्व कप के अपने आखिरी लीग मैच में शुक्रवार को ओमान को नौ विकेट से हराकर विदा ली। जिम्बाब्वे और श्रीलंका से अप्रत्याशित हार के बाद आस्ट्रेलिया ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया है। प्रतिष्ठा के लिये खेल रही आस्ट्रेलियाई टीम ने औपचारिकता के इस मैच में ओमान को 16 .2 ओवर में ही 104 रन पर आउट कर दिया था। लेग स्पिनर एडम जम्पा ने चार विकेट चटकाये।
जवाब में कप्तान मिचेल मार्श के 33 गेंद में नाबाद 64 रन और ट्रेविस हेड के 19 गेंद में 32 रन की मदद से आस्ट्रेलिया ने 9 . 4 ओवर में जीत दर्ज की। यह सौ रन से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे तेजी से दर्ज की गई जीत है। मार्श ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाये। वहीं हेड ने छह चौके लगाये। दोनों ने 93 रन की साझेदारी की। इससे पहले जम्पा के चार विकेट की मदद से आस्ट्रेलिया ने ओमान को 104 रन पर आउट कर दिया। जम्पा ने 21 रन देकर चार विकेट लिये जबकि जेवियर बार्टलेट और ग्लेन मैक्सवेल को दो दो विकेट मिले। ओमान की टीम 16 . 2 ओवर में आउट हो गई। वसीम अली ने ओमान के लिये 33 गेंद में 32 रन बनाये। आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया और पहली ही गेंद पर बार्टलेट ने आमिर कलीम का विकेट ले लिया। अगली चार गेंदों पर रन नहीं बने जिसके बाद करण सोनावले ने मिडआन पर चौका लगाकर ओमान का खाता खोला। आखिरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने स्लिप में करण का कैच टपकाया।
ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने अगले ओवर में मार्कस स्टोइनिस को चौका लगाया और बार्टलेट को भी इसके बाद चौका जड़ा। करण ने नाथन एलिस का स्वागत चौके के साथ किया। एलिस ने हालांकि अगली ही गेंद पर सफलता हासिल की और कट शॉट खेलने के प्रयास में करण विकेट गंवा बैठे। जतिंदर ने कवर प्वाइंट के बीच से बार्टलेट को चौका जड़ा लेकिन अगली शानदार गेंद पर चकमा खा गए और फुटवर्क का इस्तेमाल किये बिना विकेट गंवा बैठे। ओमान ने पांच ओवर में 39 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे। हम्माद मिर्जा ने कैमरन ग्रीन को प्वाइंट के ऊपर से चौका लगाया जिससे पावरप्ले के आखिर में ओमान का स्कोर तीन विकेट पर 47 रन था। बार्टलेट को मिर्जा और वसीम अली ने चौके लगाये जिसके बाद अनुभवी लेग स्पिनर जम्पा को गेंद सौंपी गई। उन्होंने पहले ही ओवर में मिर्जा का विकेट चटकाया। मैक्सवेल ने इसके बाद कैच छोड़ने की गलती की भरपाई करते हुए दो विकेट लिये।
प्लेइंग XI
ऑस्ट्रेलिया : मिशेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, जोश इंग्लिस (विकेट कीपर), मैट रेनशॉ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम जम्पा
ओमान : आमिर कलीम, जतिंदर सिंह (कप्तान), करण सोनावाले, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, मोहम्मद नदीम, विनायक शुक्ला (विकेट कीपर), जितेन रामानंदी, जय ओडेड्रा, शकील अहमद, शफीक जान

