भारत-पाक मैच विवाद में नया मोड़, ICC की इमरजेंसी बैठक से पहले लाहौर पहुंचे BCB चीफ
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 03:47 PM (IST)
लाहौर : ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बढ़ते विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल लाहौर पहुंच गए हैं। यहां वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नक़वी से मुलाकात करेंगे। यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है जब आईसीसी पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर आपात बैठक करने जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भारत बनाम पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन पाकिस्तान ने इस मैच को खेलने से इनकार कर दिया है।
ICC और PCB के बीच क्यों हो रही है अहम बैठक?
स्पोर्ट्स तक की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को एक ईमेल भेजकर भारत के खिलाफ मुकाबले में ‘फोर्स मेज्योर’ (Force Majeure) क्लॉज लागू करने की मांग की थी। हालांकि, आईसीसी ने PCB से यह स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में इस प्रावधान का इस्तेमाल किया जा सकता है।
आईसीसी की सख्त चेतावनी के बाद अब PCB ने संवाद का रास्ता अपनाया है और विवाद सुलझाने के लिए बातचीत पर सहमति जताई है।
भारत-पाक मैच के बहिष्कार के पीछे पाकिस्तान की दलील
PCB का कहना है कि वह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के समर्थन में यह कदम उठा रहा है। बांग्लादेश को अपने मुकाबले भारत से बाहर कराने की अनुमति नहीं मिली थी, जिसके बाद वह टूर्नामेंट से हट गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। इसी मुद्दे पर पाकिस्तान ने विरोध जताते हुए भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया।
भारत का T20 वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप स्टेज शेड्यूल
डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में की। इसके बाद टीम इंडिया का अगला मुकाबला 12 फरवरी को नामीबिया से होगा। ग्रुप A में भारत के साथ पाकिस्तान और नीदरलैंड्स भी शामिल हैं।
भारत की T20 वर्ल्ड कप 2026 टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।

