IND vs PAK: बहिष्कार के फैसले पर पाकिस्तान का यू-टर्न, BCCI की पहली प्रतिक्रिया सामने आई
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 05:22 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर चला आ रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। 9 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार से यू-टर्न लेते हुए खेलने की मंजूरी दे दी। इसके बाद 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा।
ICC की पहल से सुलझा मामला: राजीव शुक्ला
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ लाहौर में हुई अहम बैठक के बाद विवाद का समाधान निकला। इस पूरे घटनाक्रम पर BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की जमकर तारीफ की।
राजीव शुक्ला ने कहा कि ICC चेयरमैन की निगरानी में हुई बातचीत ने क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए एक सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला है।
“क्रिकेट को प्राथमिकता देना सबसे बड़ी जीत”
राजीव शुक्ला ने कहा, 'मैं ICC के प्रतिनिधियों की ओर से शुरू की गई चर्चा के नतीजों से बेहद खुश हूं। लाहौर जाकर PCB और BCB से बातचीत की गई और एक अच्छा, आपसी सहमति वाला समाधान निकाला गया। क्रिकेट की अहमियत को सबसे ऊपर रखा गया, इसके लिए ICC बधाई का पात्र है।'
उन्होंने आगे कहा कि ICC की इस पहल से पाकिस्तान को बातचीत की मेज पर लाया गया और अंततः भारत के खिलाफ मैच खेलने का फैसला हुआ।
BCB पर कोई कार्रवाई नहीं, शुक्ला ने जताई खुशी
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई बैठक में PCB की कई मांगों को ICC ने खारिज कर दिया। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को लेकर ICC ने साफ किया कि उस पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, अगले चक्र में बांग्लादेश को एक ICC टूर्नामेंट की मेजबानी भी सौंपी जाएगी।
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजीव शुक्ला ने कहा कि वह BCB के लिए खुश हैं क्योंकि उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना गया।
“यह वर्ल्ड कप बनेगा एक बड़ी सफलता”
राजीव शुक्ला ने कहा, 'यह हम सभी के लिए अच्छी खबर है। 15 फरवरी को कोलंबो में तय मैच अब जरूर खेला जाएगा और पाकिस्तान भी हिस्सा लेगा। अब यह वर्ल्ड कप एक बड़ी सफलता की कहानी बनेगा। बांग्लादेश बोर्ड की भावनाओं का भी सम्मान किया गया है और उन्हें राहत दी गई है।' उन्होंने यह भी जोड़ा कि BCB ने खुद ICC के प्रयासों की सराहना की है और यह स्थिति सभी के लिए विन-विन साबित हुई है।

