सनराइजर्स के पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने पर हंगामा, BCCI ने दे दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 02:28 PM (IST)
नई दिल्ली : 'द हंड्रेड' की नीलामी में पाकिस्तानी क्रिकेटर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स द्वारा साइन किए जाने को लेकर मचे हंगामे के बीच BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को कहा कि बोर्ड इसमें दखल नहीं दे सकता, क्योंकि यह साइनिंग एक विदेशी लीग से जुड़ी है और इस पर फैसला फ्रैंचाइजी को ही लेना होगा।
शुक्ला ने कहा, 'यह हमारे अधिकार क्षेत्र (IPL) में नहीं है; उन्होंने यह किसी विदेशी लीग के लिए किया है। उन्हें ही इस पर फैसला लेना होगा। हम कुछ नहीं कर सकते।' सनराइजर्स लीड्स ने लंदन में हुए पहले पुरुषों के 'हंड्रेड' ऑक्शन के दौरान इस लेग-स्पिनर को £190,000 में खरीदा। इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट में किसी भारतीय मालिकाना हक वाली टीम द्वारा साइन किए जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए।
इस साइनिंग को लेकर सोशल मीडिया पर सनराइजर्स लीड्स की सह-मालकिन काव्या मारन के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। आलोचकों ने 27 वर्षीय इस स्पिनर के उन कथित बयानों का हवाला दिया है, जिनमें उन्होंने पिछले साल मई में 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़ी घटनाओं के दौरान भारतीय वायु सेना और सेना का मजाक उड़ाया था।
भारतीय मीडिया समूह 'सन टीवी' ने पिछले साल इस फ्रेंचाइजी का (जिसे पहले 'नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स' के नाम से जाना जाता था) पूरी तरह से अधिग्रहण कर लिया था। इस समूह ने इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) से 49 प्रतिशत हिस्सेदारी और शेष 51 प्रतिशत हिस्सेदारी यॉर्कशायर से लगभग £100 मिलियन में खरीदी थी। 'हंड्रेड' टूर्नामेंट की तीन अन्य टीमों की हिस्सेदारी भी ऐसे निवेशकों को बेची गई थी जिनके पास IPL फ्रेंचाइजी का मालिकाना हक है।
सनराइजर्स की दो अन्य सहयोगी फ्रेंचाइजी—IPL में 'सनराइजर्स हैदराबाद' और SA20 में 'सनराइजर्स ईस्टर्न केप'—ने इससे पहले कभी भी किसी सक्रिय पाकिस्तानी खिलाड़ी को साइन नहीं किया था। लीड्स स्थित इस टीम ने लंच ब्रेक से ठीक पहले अब्रार को अपनी टीम में शामिल करने के लिए 'ट्रेंट रॉकेट्स' के साथ लगी बोली की जंग जीत ली।

