भारत में बदलेगी खेलों की तस्वीर, बजट 2026 में ‘खेलो इंडिया मिशन’ का बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 01:40 PM (IST)

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने देश में खेलों को जमीनी स्तर से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026-27 पेश करते हुए ‘खेलो इंडिया मिशन’ शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इस मिशन का उद्देश्य अगले दशक में प्रशिक्षण केंद्रों, कोचों और खेल ढांचे के व्यवस्थित विकास के जरिए प्रतिभा निखारना है।

वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि खेल क्षेत्र रोजगार, कौशल विकास और करियर के कई अवसर पैदा करता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में शुरू किए गए खेलो इंडिया कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए सरकार अब इसे एक व्यापक और एकीकृत मिशन के रूप में लागू करना चाहती है, जिससे खेल क्षेत्र में आमूलचूल बदलाव लाया जा सके।

एकीकृत प्रतिभा विकास पर रहेगा फोकस

निर्मला सीतारमण ने कहा कि खेलो इंडिया मिशन के तहत, प्राथमिक, मध्यवर्ती और विशिष्ट स्तर के प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जाएंगे, कोचों और सहायक स्टाफ का व्यवस्थित विकास किया जाएगा। खेल विज्ञान और आधुनिक तकनीक को प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा, देशभर में प्रतियोगिताओं और लीगों के आयोजन को बढ़ावा मिलेगा, प्रशिक्षण और मुकाबलों के लिए खेल अवसंरचना को मजबूत किया जाएगा, इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच और संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

भारत बनेगा खेल सामान का वैश्विक केंद्र

वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि भारत में उच्च गुणवत्ता और किफायती खेल सामान के निर्माण की बड़ी संभावनाएं हैं। इसके लिए सरकार खेल सामान उद्योग के लिए एक समर्पित पहल शुरू करेगी, जिससे उपकरण डिजाइन, सामग्री विज्ञान, विनिर्माण अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

कोचों के लिए भी मिलेगा विशेष समर्थन

खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद के नेतृत्व में एक टास्क फोर्स का गठन किया है। इस कार्यबल ने उच्च गुणवत्ता वाले कोच तैयार करने और उनके लिए लक्ष्य ओलंपिक पोडियम कार्यक्रम जैसी योजना शुरू करने की सिफारिश की है, ताकि कोचों को भी शीर्ष खिलाड़ियों की तरह वित्तीय सहायता मिल सके और भारत की पदक संभावनाएं मजबूत हों।

2030 और 2036 के बड़े लक्ष्य

भारत वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दौड़ में भी शामिल है। ऐसे में खेलो इंडिया मिशन को भविष्य की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News