IND W vs NED W: हरमनप्रीत की प्लेइंग 11 में बदलाव की मांग, इस खिलाड़ी को मौका देने की सलाह

punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 05:49 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान पर शानदार जीत के बावजूद भारत की प्लेइंग XI को लेकर चर्चा जारी है। पूर्व भारतीय मुख्य चयनकर्ता हेमलता काला का मानना है कि टीम प्रबंधन को अगले मुकाबले में यास्तिका भाटिया को मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यास्तिका हालिया मैचों में अच्छी फॉर्म में रही हैं और उन्हें किसी भी बल्लेबाजी क्रम पर खिलाया जा सकता है।

यास्तिका भाटिया को टीम में शामिल करने की सलाह

हेमलता काला ने कहा कि यास्तिका भाटिया को अंतिम एकादश में जगह मिलनी चाहिए। उनके मुताबिक यास्तिका को जरूरी नहीं कि नंबर-3 पर ही उतारा जाए, बल्कि वह मध्यक्रम में भी उपयोगी साबित हो सकती हैं।

उन्होंने पीटीआई से कहा, 'मैं यास्तिका को प्लेइंग XI में देखना चाहती हूं। जरूरी नहीं कि वह एक डाउन ही बल्लेबाजी करें। वह मिडिल ऑर्डर में भी खेल सकती हैं। इंग्लैंड के खिलाफ हालिया सीरीज में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था और टीम को उनकी सेवाओं का इस्तेमाल करना चाहिए।'

पाकिस्तान के खिलाफ भाटिया की जगह भारती फुलमाली को मिला मौका

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टीम प्रबंधन ने यास्तिका की जगह भारती फुलमाली पर भरोसा जताया था। उम्मीद थी कि भारती अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाएंगी, लेकिन वह सिर्फ एक रन बनाकर स्टंप आउट हो गईं। वहीं नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरीं जेमिमा रोड्रिग्स भी प्रभाव नहीं छोड़ सकीं और सात गेंदों में सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गईं।

हालिया फॉर्म में शानदार रही हैं यास्तिका

25 वर्षीय यास्तिका भाटिया ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 119 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था। हालांकि उनके स्ट्राइक रेट को लेकर सवाल उठे थे और दूसरे टी20 में उन्हें रन चेज के दौरान रिटायर्ड आउट भी किया गया था।विश्व कप से पहले खेले गए अभ्यास मैचों में भी उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 36 और इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन की उपयोगी पारियां खेली थीं।

नीदरलैंड्स के खिलाफ अगली चुनौती

भारत का अगला मुकाबला 17 जून को लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर नीदरलैंड्स से होगा। नीदरलैंड्स अपनी पहली भिड़ंत में बांग्लादेश से छह विकेट से हार चुका है। भारत इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगा।

टीम इंडिया को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए अभी कम से कम तीन और जीत की जरूरत है। टूर्नामेंट में भारत की सबसे बड़ी परीक्षा 21 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मानी जा रही है।

पावर-हिटिंग नहीं, फील्डिंग है सबसे बड़ी चिंता

जहां पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में कहा था कि भारतीय टीम में पावर-हिटिंग की कमी है, वहीं हेमलता काला इस राय से सहमत नहीं हैं। उनका मानना है कि भारतीय टीम में बड़े शॉट खेलने वाले खिलाड़ियों की कमी नहीं है। हेमलता के अनुसार भारतीय टीम की सबसे कमजोर कड़ी फील्डिंग है, जिस पर सुधार की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि टीम केवल स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पर निर्भर नहीं है, बल्कि बल्लेबाजी क्रम में कई मैच विजेता खिलाड़ी मौजूद हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News