फ़ीडे फ्रीस्टाइल विश्व चैंपियनशिप फाइनल में कारुआना से होगी कार्लसन की टक्कर
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 10:13 PM (IST)
वाइजनहाउस ,जर्मनी ( निकलेश जैन ) फ़ीडे फ्रीस्टाइल शतरंज विश्व चैम्पियनशिप 2026 के फाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नॉर्वे के मैगनस कार्लसन का सामना अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो करुआना से होगा। दोनों खिलाड़ियों ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। कार्लसन के पास अब अपने करियर का 21वां विश्व खिताब जीतने का मौका है।
कार्लसन ने अब्दुसत्तोरोव को 3-1 से हराया
कार्लसन ने उज़्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव को 3-1 से पराजित किया। पहले दो मुकाबले ड्रॉ रहे, लेकिन तीसरे गेम में निर्णायक क्षण पर अब्दुसत्तोरोव की एक गलती का फायदा उठाते हुए कार्लसन ने बढ़त बना ली। चौथे गेम में भी नॉर्वेजियन स्टार ने दबाव बनाए रखा और मैच अपने नाम किया।
कार्लसन ने मुकाबले के बाद कहा कि यह बेहद कठिन मैच था और अब्दुसत्तोरोव हर बार उनके खिलाफ और मजबूत होकर खेलते हैं।
कारुआना ने कीमर को 2½-1½ से हराया
दूसरे सेमीफाइनल में कारुआना ने जर्मनी के विंसेंट कीमर को 2½-1½ से मात दी। करुआना ने पहले गेम में काले मोहरों से शानदार जीत दर्ज कर बढ़त बनाई। तीसरे गेम में हार झेलने के बावजूद उन्होंने चौथे मुकाबले में दमदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
2027 के लिए क्वालीफिकेशन तय
फाइनल में पहुंचते ही कार्लसन और कारुआना ने 2027 फिडे फ्रीस्टाइल विश्व चैम्पियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। तीसरा और अंतिम स्थान तीसरे स्थान के मुकाबले में अब्दुसत्तोरोव और कीमर के बीच तय होगा।
अन्य मुकाबलों के परिणाम
5वें से 8वें स्थान के मुकाबलों में यूएसए के हंस नीमन ने लेवोन अरोनियन को 2½-1½ से हराया, जबकि भारत के अर्जुन एरिगैसी ने विश्व कप विजेता उज़्बेकिस्तान के जावोखीर सिंदारोव को 3-1 से पराजित किया। अब नीमन और अर्जुन पांचवें स्थान के लिए भिड़ेंगे, जबकि अरोनियन और सिंदारोव सातवें स्थान के लिए खेलेंगे।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Content Editor
Niklesh Jain