IPL 2026: ‘हम हार से थक चुके थे’, CSK कोच ने इस सीजन की पहली जीत का राज खोला

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 04:06 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरकार जीत का खाता खोलते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराया। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में CSK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन हार के सिलसिले को खत्म किया और सीजन की पहली जीत दर्ज की।

कोच एरिक सिमंस का बड़ा बयान

मैच के बाद CSK के बॉलिंग कोच एरिक सिमंस ने टीम के मानसिकता को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, 'लड़के इस जीत के लिए बेहद बेताब थे। लगातार तीन हार के बाद हम जीत के लिए तरस रहे थे।' उन्होंने यह भी बताया कि ड्रेसिंग रूम का माहौल हमेशा सकारात्मक बना रहा, भले ही टीम को शुरुआत में हार झेलनी पड़ी।

आत्मविश्वास की कमी थी असली वजह

एरिक सिमंस के अनुसार, टीम की रणनीति में कोई कमी नहीं थी, बल्कि आत्मविश्वास की थोड़ी कमी थी। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे मोमेंट्स, जैसे शानदार कैच या अच्छी फील्डिंग, पूरे टीम का आत्मविश्वास बढ़ा सकते हैं और वही इस मैच में देखने को मिला।

सैमसन और म्हात्रे की शानदार बल्लेबाजी

इस मुकाबले में संजू सैमसन ने नाबाद 115 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके साथ आयुष म्हात्रे ने 56 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों की शानदार साझेदारी की बदौलत CSK ने 212/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

गेंदबाजी में ओवर्टन-कंबोज का जलवा

गेंदबाजी में जेमी ओवर्टन ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। वहीं अंशुल कंबोज ने भी 3 विकेट झटककर दिल्ली की बल्लेबाजी को झकझोर दिया और टीम को 189 रन पर समेट दिया।

अगला मुकाबला KKR से

अब चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 14 अप्रैल को चेन्नई में ही खेला जाएगा। टीम इस जीत के बाद आत्मविश्वास से भरी होगी और उसी आक्रामक रवैये के साथ अगले मैच में उतरना चाहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News