''निराश हूं...'', IPL 2026 से बाहर होने के बाद CSK के स्टार बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने फैंस के लिए लिखा नोट

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 06:14 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत की U19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के स्टार खिलाड़ी आयुष म्हात्रे ने हैमस्ट्रिंग चोट के कारण चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से बाहर होने पर निराशा जाहिर की। म्हात्रे ने CSK के फैन्स के लिए एक इमोशनल नोट लिखा और ठीक होने के बाद और मजबूत होकर लौटने का वादा भी किया। 

म्हात्रे ने CSK के साथ इस सीजन की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, 'IPL 2026 में अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए और योगदान न दे पाने से निराश हूं, लेकिन वादा करता हूं कि और मजबूत होकर लौटूंगा।' इस युवा खिलाड़ी ने चेन्नई की इस फ्रैंचाइजी को टूर्नामेंट के बाकी मैचों के लिए शुभकामनाएं भी दीं और अपनी गैरमौजूदगी के बावजूद टीम के अच्छा प्रदर्शन करने का भरोसा जताया। उन्होंने आगे लिखा, 'टीम को बाकी सीजन के लिए शुभकामनाएं। आपके सभी प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।' 

CSK ने मंगलवार को पुष्टि की कि म्हात्रे, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टीम के हालिया मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। फ्रैंचाइजी ने बताया कि इस टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज को ठीक होने के लिए 6 से 12 हफ़्ते के रिहैब (इलाज और आराम) की जरूरत होगी। CSK ने एक बयान में कहा, 'आयुष म्हात्रे 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण IPL 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। आयुष की चोट को ठीक होने में 6-12 हफ्ते का समय लगेगा। हम आयुष के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News