कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 : शॉट पुट प्लेयर तेजिंदरपाल तूर और गिल ने फाइनल के लिए किया क्वालिफाई

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 04:53 PM (IST)

ग्लासगो : भारतीय शॉट पुट खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल को बुधवार को यहां कॉमनवेल्थ गेम्स के फाइनल राउंड के लिए क्वालिफाई करने में ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। नेशनल रिकॉर्ड होल्डर तूर ने ग्रुप ए में 20 मीटर के ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मार्क को पार करने के लिए दो कोशिशें कीं। उनकी पहली कोशिश 19.93 मीटर की थी और दूसरी थ्रो में उन्होंने 20.14 मीटर की दूरी तय की। यह कुल मिलाकर दूसरी सबसे अच्छी दूरी थी। उन्होंने तीसरी कोशिश नहीं की। 

क्वालिफिकेशन राउंड के ग्रुप बी में गिल का दिन का सबसे अच्छा प्रदर्शन 19.95 मीटर का था, जो उनकी पहली कोशिश में आया। उनकी दूसरी थ्रो 19.75 मीटर की थी और तीसरी फाउल रही। दोनों ग्रुप में हिस्सा लेने वाले 15 खिलाड़ियों में गिल कुल मिलाकर पांचवें स्थान पर रहे। ग्रुप ए में सात और ग्रुप बी में आठ खिलाड़ी थे। जो खिलाड़ी 20 मीटर का मार्क पार करते हैं या जो टॉप 12 में रहते हैं, वे गुरुवार को होने वाले फाइनल के लिए क्वालिफाई करते। 

न्यूजीलैंड के मौजूदा चैंपियन और खिताब के प्रबल दावेदार टॉम वॉल्श ने ग्रुप ए में अपनी पहली थ्रो में 21.03 मीटर की दूरी के साथ कुल मिलाकर पहला स्थान हासिल किया। 31 साल के तूर का इस सीजन का बेस्ट प्रदर्शन 21.03 मीटर है जबकि उनके नाम नेशनल रिकॉर्ड 21.77 मीटर का है जो उन्होंने 2023 में बनाया था। 

पिछले दो एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले तूर अपने दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। वह 2018 में गोल्ड कोस्ट में वे आठवें स्थान पर रहे थे। ग्रोइन इंजरी के कारण वे 2022 के गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे। 25 साल के गिल का इस सीजन का बेस्ट प्रदर्शन 20.46 मीटर है, जो उनका पर्सनल बेस्ट भी है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News