IPL 2026: डेल स्टेन ने कार्तिक त्यागी को दी अहम सलाह, अपनी गेंदबाजी एक्शन खुद बनाओ
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 02:59 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज Dale Steyn ने कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा तेज गेंदबाज Kartik Tyagi की गेंदबाजी एक्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है। स्टेन का मानना है कि त्यागी बार-बार अपना एक्शन बदल रहे हैं और दूसरे गेंदबाजों को कॉपी करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉपी करने के कुछ फायदे होते हैं, लेकिन हर गेंदबाज को आखिरकार अपना खुद का एक्शन बनाना पड़ता है।
KKR डेब्यू मैच में लिया बड़ा विकेट
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में त्यागी ने KKR के लिए डेब्यू किया। इस मैच में उन्होंने भारत के टी20 कप्तान Suryakumar Yadav का महत्वपूर्ण विकेट लिया। हालांकि यह हाई स्कोरिंग मैच था और त्यागी ने 43 रन खर्च किए। इसके अलावा उन्होंने एक मौका भी बनाया था, लेकिन रयान रिकेल्टन का कैच ड्रॉप हो गया।
स्टेन ने कहा – विकेट के पीछे मत भागो
डेल स्टेन ने यह भी कहा कि त्यागी में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें धैर्य रखने की जरूरत है। स्टेन के अनुसार, विकेट लेने की एक प्रक्रिया होती है और खिलाड़ी को उसी पर ध्यान देना चाहिए, न कि हर गेंद पर विकेट लेने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि त्यागी को खुद पर भरोसा रखना होगा और जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।
आईपीएल करियर में संघर्ष
कार्तिक त्यागी ने आईपीएल 2020 में राजस्थान के लिए खेलते हुए 10 मैचों में 9 विकेट लिए थे और तभी उन्हें पहचान मिली थी। 2021 में उन्होंने पंजाब के खिलाफ आखिरी ओवर में 4 रन बचाकर मैच जिताया था। लेकिन इसके बाद चोट और टीम बदलाव की वजह से उनका करियर ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाया। हैदराबाद, गुजरात और अब KKR में भी उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले हैं।
अगले मैच में फिर मिलेगा मौका
KKR का अगला मैच 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। टीम के मुख्य तेज गेंदबाज चोटिल हैं, ऐसे में कार्तिक त्यागी को खुद को साबित करने का अच्छा मौका मिल सकता है। यह मैच उनके करियर के लिए अहम साबित हो सकता है।

