इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने पर नेपाल का मुरीद हुआ ये दिग्गज खिलाड़ी, कोच बनने की जताई इच्छा

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 11:00 AM (IST)

मुंबई (वानखेड़े स्टेडियम) : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को लगभग उलटफेर के कगार पर पहुंचाने वाली नेपाल की टीम ने पूरी क्रिकेट दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसी कड़ी में दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने नेपाल टीम को कोचिंग देने की इच्छा जाहिर की है।

नेपाल के जज्बे ने किया स्टेन को प्रभावित

रोहित पौडेल की कप्तानी में नेपाल ने वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड को आखिरी गेंद तक संघर्ष करने पर मजबूर कर दिया। नेपाल लक्ष्य से महज चार रन दूर रह गया, लेकिन इस मुकाबले ने साबित कर दिया कि एसोसिएट टीमें भी बड़े देशों को कड़ी चुनौती दे सकती हैं।

डेल स्टेन ने नेपाल को कोचिंग देने का दिया ऑफर

नेपाल के शानदार प्रदर्शन के बाद डेल स्टेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए नेपाल टीम को खुला प्रस्ताव दिया। स्टेन ने लिखा, 'नेपाल, अगर कभी मेरी जरूरत पड़े तो मैं अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हूं। ऊपर, ऊपर और ऊपर!' यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई और नेपाल के संघर्ष को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली।

डेल स्टेन का शानदार करियर

42 वर्षीय डेल स्टेन ने 2021 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया था। अपनी खतरनाक रफ्तार और स्विंग के लिए मशहूर स्टेन ने टेस्ट क्रिकेट में 439 विकेट झटके, जबकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम कुल 699 विकेट दर्ज हैं।

यदि भविष्य में स्टेन नेपाल टीम के कोच या कंसल्टेंट के रूप में जुड़ते हैं, तो यह उभरती हुई टीम के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है।

इंग्लैंड के खिलाफ नेपाल की यादगार लड़ाई

185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल के बल्लेबाजों ने बेहतरीन संयम दिखाया।

कुशल भुर्तेल: 29 रन
रोहित पौडेल: 39 रन
दीपेंद्र सिंह ऐरी: 44 रन

आखिर में लोकेश बम ने 20 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाकर वानखेड़े का माहौल रोमांच से भर दिया। हालांकि, इंग्लैंड किसी तरह चार रन से जीत हासिल करने में सफल रहा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News