दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर लगा 12 लाख रुपए का जुर्माना
punjabkesari.in Monday, Apr 14, 2025 - 02:42 PM (IST)

नई दिल्ली : दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर रविवार को यहां खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच में मुंबई इंडियंस के हाथों अपनी टीम की 12 रन की हार के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। मुंबई इंडियंस ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 205 रन बनाए थे। दिल्ली कैपिटल्स की टीम इसके जवाब में 19 ओवर में 193 रन बनाकर आउट हो गई।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने कहा, ‘दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण जुर्माना लगाया गया है।' विज्ञप्ति के अनुसार, ‘यह आईपीएल की आचार संहिता के धीमी ओवर गति से संबंधित अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का सत्र का पहला अपराध था, इसलिए पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।'
19वें ओवर में हुए 3 रन आऊट ने दिल्ली कैपिटल्स के हाथ से रोमांचक मुकाबला छीन लिया। मुंबई ने पहले खेलते हुए जब रिकेल्टन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और नमन धीर की शानदार पारियों की बदौलत 205 रन बनाए थे तो दिल्ली कैपिटल्स की ओर से करुण नायर ने महज 40 गेंदों पर 89 रन बनाकर दिल्ली के लिए मुकाबला आसान बना दिया था। दिल्ली को आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा और विपराज ने कुछ सहयोग किया लेकिन 19वें ओवर के अंदर दिल्ली की सारी उम्मीदें खत्म हो गईं। इस दौरान आशुतोष, कुलदीप और मोहित लगातार तीन गेंदों पर रन आऊट हो गए। मुंबई ने इसी के साथ 12 रन से अपने नाम मुकाबला कर लिया। यह सीजन में उनकी महज दूसरी जीत है जबकि दिल्ली कैपिटल्स की पहली हार।