लंगड़ाते हुए दिखे धोनी, उभर आई चोट, सीजन खेलना संदिग्ध, CSK मुश्किल में
punjabkesari.in Tuesday, Apr 15, 2025 - 07:36 PM (IST)

मुंबई : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए एक बुरी खबर ने प्रशंसकों को झकझोर दिया है। टीम के कप्तान धोनी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेले गए मैच में गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं। 43 साल के धोनी जो रुतुराज गायकवाड़ की चोट के बाद कप्तानी में लौटे थे, ने 11 गेंदों में नाबाद 26 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई, लेकिन अब उनकी फिटनेस पर सवाल उठ रहे हैं, जिससे चेन्नई का आईपीएल 2025 अभियान खतरे में पड़ गया है।
गायकवाड़ की कोहनी की चोट ने उन्हें पूरे सीजन से बाहर कर दिया था, जिसके बाद धोनी ने कप्तानी संभाली और लगातार 5 हार के बाद चेन्नई को जीत की राह दिखाई। लखनऊ के खिलाफ उनकी पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल था, जिसने चेन्नई को 3 गेंद शेष रहते 5 विकेट से जीत दिलाई। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में धोनी को रविंद्र जडेजा के साथ होटल में लंगड़ाते हुए देखा गया। बताया जा रहा है कि 2023 में सर्जरी के बाद भी ठीक नहीं हुई उनकी घुटने की समस्या इस मैच में और गंभीर हो गई।
चेन्नई के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि हम धोनी की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। वह लंबे समय से घुटने की परेशानी को संभाल रहे हैं, लेकिन पिछले मैच की वजह से यह बढ़ गई होगी। अगले 24 घंटों में स्थिति साफ होगी। फ्लेमिंग ने चोट की गंभीरता पर चिंता जताते हुए कहा कि अभी चीजें ठीक नहीं लग रही हैं। चेन्नई पहले से ही मुश्किल में है, 7 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे। बल्लेबाजी में टीम पावरप्ले में औसतन 45 रन ही बना पा रही है, जो सीजन के औसत 57 से कम है और मध्य क्रम भी फॉर्म में नहीं है।
MS Dhoni is limping a little after the Match yesterday. 🥺
— Tanuj (@ImTanujSingh) April 15, 2025
- Hope this is not a serious one & He get well very soon.🤞💪 pic.twitter.com/EPQuctNO95
गायकवाड़ जोकि सीजन में 122 रन बना चुके हैं, बाहर हैं। और अब धोनी की चोट ने चेन्नई की प्लेऑफ उम्मीदों पर संकट ला दिया है। कई लोगों का मानना है कि धोनी शायद बाकी सीजन नहीं खेल पाएंगे, और कुछ ने उनके आईपीएल करियर के खत्म होने की आशंका भी जताई है। एक यूजर ने लिखा- धोनी के बिना चेन्नई का आईपीएल 2025 खत्म है। उनकी जगह लेना असंभव है, चाहे नेतृत्व हो या फिनिशिंग।
चेन्नई का अगला मुकाबला 20 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में है, जिसके लिए उनके पास धोनी की स्थिति समझने का समय कम है। मथीशा पथिराना जैसे अन्य खिलाड़ी भी चोट के जोखिम में हैं, जिससे टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। धोनी के बाहर होने पर कप्तानी रविंद्र जडेजा या मोईन अली को दी जा सकती है, लेकिन जडेजा का 2022 का नेतृत्व असफल रहा था। धोनी जिनकी कप्तान में चेन्नई पांच बार चैंपियन बनी है, उनकी अनुपस्थिति में टीम कैसा प्रदर्शन करेगी, इस पर सबकी नजरे हैं।