IND vs SL: DRS ने बचाया KL राहुल का विकेट, पड्डिकल को लगाया गले और उड़ाया Kiss; VIDEO
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 12:25 PM (IST)
गॉल: श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट के भारत की दूसरी पारी में KL राहुल को एक बड़ा जीवनदान मिला। श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने उन्हें LBW आउट कर दिया था और राहुल पवेलियन लौटने के लिए तैयार थे, लेकिन देवदत्त पड्डिकल ने उन्हें रिव्यू लेने के लिए मना लिया। DRS में गेंद स्टंप्स को मिस कर रही थी, जिसके बाद राहुल ने पड्डिकल को गले लगाया और उन्हें Kiss भी किया।
पड्डिकल की सलाह से बचा राहुल का विकेट
भारत की दूसरी पारी के 11वें ओवर में प्रभात जयसूर्या की गेंद पर राहुल डिफेंस करने के लिए आगे बढ़े, लेकिन गेंद बल्ले को छकाते हुए उनके पैड पर जा लगी। अंपायर ने तुरंत उंगली उठा दी। राहुल बिना ज्यादा उम्मीद के पवेलियन की ओर बढ़ने लगे थे, तभी नॉन-स्ट्राइकर छोर पर मौजूद देवदत्त पड्डिकल ने उन्हें रिव्यू लेने के लिए रोक लिया।
DRS में मिला बड़ा जीवनदान
राहुल ने पड्डिकल की बात मानते हुए DRS लिया। रिप्ले में साफ हुआ कि गेंद स्टंप्स को मिस कर रही थी और LBW का फैसला पलट दिया गया। उस समय राहुल 25 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। विकेट बचने के बाद राहुल ने पड्डिकल को गले लगाया और मजेदार अंदाज में उन्हें Kiss किया। इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दूसरी पारी में 35 रन बनाकर आउट हुए राहुल
जीवनदान मिलने के बावजूद राहुल इस मौके का ज्यादा फायदा नहीं उठा सके। ड्रिंक्स ब्रेक के बाद प्रभात जयसूर्या ने उन्हें फिर अपना शिकार बनाया। स्पिनर ने राहुल को बड़ा शॉट खेलने के लिए ललचाया, लेकिन वह गेंद को ठीक से टाइम नहीं कर सके। उनका बल्ला हाथ में घूम गया और मिड-ऑफ पर सब्स्टीट्यूट फील्डर मिलान रत्नायके ने कैच पकड़ लिया। राहुल 47 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। पहली पारी में उन्होंने 82 रन बनाए थे। इस तरह गॉल टेस्ट में राहुल ने कुल 117 रन बनाए।
राहुल-पड्डिकल की जोड़ी ने बनाया खास रिकॉर्ड
राहुल और पड्डिकल ने दूसरी पारी में दूसरे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। इसके साथ ही दोनों भारत के लिए श्रीलंका की धरती पर एक टेस्ट की दोनों पारियों में 50 या उससे ज्यादा रन की साझेदारी करने वाली चुनिंदा भारतीय जोड़ियों में शामिल हो गए।इससे पहले यह कारनामा सदागोपन रमेश और शिव सुंदर दास ने 2001 में कोलंबो में, वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने 2008 में गॉल और कोलंबो में तथा वीवीएस लक्ष्मण और सुरेश रैना ने 2010 में कोलंबो में किया था।
पड्डिकल का शानदार टेस्ट मैच
देवदत्त पड्डिकल के लिए यह मुकाबला बेहद खास रहा है। पहली पारी में उन्होंने शानदार 167 रन बनाकर अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा था। दूसरी पारी में उन्होंने राहुल के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की और अपने साथी का विकेट बचाने में भी अहम भूमिका निभाई।
यशस्वी जायसवाल फिर हुए फ्लॉप
भारत की दूसरी पारी की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। पहली पारी में रन आउट होने वाले यशस्वी जायसवाल दूसरी पारी में भी खाता नहीं खोल सके। असिथा फर्नांडो ने उन्हें सिर्फ तीन गेंदों में आउट कर दिया। इसके बाद राहुल और पड्डिकल ने पारी को संभालने की कोशिश की।

