FIH ने विश्व कप 2023 के लिए ड्रॉ घोषित किए, भारत पूल-डी में
punjabkesari.in Thursday, Sep 08, 2022 - 08:54 PM (IST)

भुवनेश्वर : भारत को ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला में होने वाले अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के लिए पूल-डी में इंग्लैंड, वेल्स और स्पेन के साथ रखा गया है। एफआईएच ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एफआईएच ने विश्व कप 2023 के लिए यहां जारी ड्रॉ में टीमों को चार पूलों में बांटा है। हॉकी की शीर्ष संस्था ने बताया कि एक जून 2022 की रैंकिंग के आधार पर भारत, ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम और नीदरलैंड को अपने-अपने पूल के शीर्ष पर रखा गया है। मेजबान भारत पूल-डी की अगुवाई करेगा।
भारत (विश्व नंबर-5) इस पूल में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली टीम है। यहां उसका सामना इंग्लैंड (विश्व नंबर-6), स्पेन (विश्व नंबर-14) और विश्व कप में पहली बार भाग ले रही वेल्स (विश्व नंबर-16) से होगा। पूल-ए में अर्जेंटीना, फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका के साथ विश्व की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया है जिसने विश्व कप 2018 में कांस्य पदक जीता था।
Here are some pictures of the DRAW ceremony for the FIH Odisha Hockey Men's World Cup Bhubaneswar-Rourkela 2023.#IndiaKaGame #HockeyIndia #HWC2023 #HockeyInvites #HockeyEquals @CMO_Odisha @sports_odisha @IndiaSports @Media_SAI pic.twitter.com/YWorcjQgfh
— Hockey India (@TheHockeyIndia) September 8, 2022
विश्व की नंबर दो टीम और गत चैंपियन बेल्जियम को 2006 विश्व चैंपियन जर्मनी, कोरिया और जापान के साथ पूल-बी में जगह दी गई है। पूल सी की अगुवाई विश्व कप 2018 की फाइनलिस्ट नीदरलैंड करेगी। वह इस पूल में न्यूजीलैंड और मलेशिया के साथ-साथ चिली का भी सामना करेगी, जो वेल्स की तरह ही पहली बार एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप में भाग ले रही है।
एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) थिएरी वेल की निगरानी में हुए ड्रॉ समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और एफआईएच के कार्यकारी अध्यक्ष सेफ अहमद के साथ-साथ ओडिशा खेल और युवा सेवाएं मंत्री तुषारकांति बेहरा मौजूद रहे।
पटनायक ने ड्रॉ जारी होने के बाद कहा- हमें इस तरह के उत्कृष्ट आयोजन के लिए दुनिया की सर्वश्रेष्ठ हॉकी टीमों और खिलाडिय़ों का स्वागत करते हुए हमेशा बहुत गर्व होता है। इस बार हम दुनिया को भुवनेश्वर के हमारे शानदार कलिंगा स्टेडियम के साथ-साथ राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में भी आमंत्रित कर रहे हैं। यह नया स्टेडियम हॉकी के प्रति हमारी मजबूत प्रतिबद्धता का एक और प्रमाण है। एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप का आयोजन ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला में 13 जनवरी 2023 से किया जाएगा।
पूल ए : ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका
पूल बी : बेल्जियम, जर्मनी, कोरिया, जापान
पूल सी : नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, मलेशिया, चिली
पूल डी : भारत, इंग्लैंड, स्पेन, वेल्स की टीम शामिल है।