धोनी के संन्यास पर कोच फ्लेमिंग ने तोड़ी चुप्पी, धोनी के फैंस हो जाएंगे खुश

punjabkesari.in Sunday, Apr 06, 2025 - 12:12 AM (IST)

चेन्नई : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के संन्यास की अफवाहें एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बीच चेन्नई के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने धोनी के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। फ्लेमिंग ने साफ तौर पर कहा कि धोनी अभी भी शानदार फॉर्म में हैं और उनके संन्यास को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं है।

हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फ्लेमिंग ने कहा कि मुझे नहीं पता, मैं बस उनके साथ काम करने का आनंद ले रहा हूं। वह अभी भी मजबूत हैं और मैं उनसे इन दिनों (भविष्य के बारे में) सवाल भी नहीं करता। फ्लेमिंग का यह बयान धोनी के प्रशंसकों के लिए राहत की खबर हो सकता है, जो लंबे समय से उनके संन्यास की खबरों से चिंतित थे। धोनी, जो 43 साल के हो चुके हैं, ने पिछले कुछ सालों में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। हालांकि, उनकी उम्र और शारीरिक स्थिति को लेकर सवाल उठते रहे हैं। कुछ समय पहले फ्लेमिंग ने यह भी कहा था कि धोनी की बॉडी और घुटने अब पहले जैसे नहीं रहे, जिसके चलते उनके लिए लंबे समय तक बल्लेबाजी करना मुश्किल हो सकता है। लेकिन इसके बावजूद, धोनी ने अपनी फिटनेस और खेल के प्रति जुनून से सभी को हैरान किया है।

चेन्नई के एक अन्य सूत्र ने बताया कि धोनी की टीम में मौजूदगी अभी भी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वह मैदान पर हों या बाहर, उनकी मौजूदगी ही टीम का हौसला बढ़ाती है। वह बहुत समझदारी से अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल करते हैं। धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वह आईपीएल में चेन्नई के लिए खेलते रहे हैं। पिछले कुछ सीजनों में उनके प्रदर्शन को देखते हुए फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वह कम से कम एक और सीजन खेलें। हालांकि, फ्लेमिंग का यह बयान साफ करता है कि धोनी के संन्यास का फैसला अभी भी अनिश्चित है।


चेन्नई की टीम इस समय आईपीएल 2025 में मिला जुला प्रदर्शन कर रही है। रविवार को उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला गया मुकाबला 25 रन से गंवा दिया। दिल्ली ने पहले खेलते हुए केएल राहुल के 77, अभिषेक के 33 तो स्टब्स के 24 रन की बदौलत 183 रन बनाए थे। जवाब में खेलने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 74 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद वह उभर ही नहीं पाए। विजय शंकर ने 54 गेंदों पर 69 रन बनाए जबकि धोनी ने 26 गेंदों पर 30 रन। दोनों नाबाद रहे लेकिन टीम को 25 रन से हार से बचा नहीं पाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News